
Surguja Road Accident, पलटने के बाद क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो, मृतक राहुल (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम नशे में धुत युवकों ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से सडक़ किनारे खड़ी 3 बाइक को टक्कर (Scorpio Accident) मार दी। इससे तीनों बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, यहां ग्राम दावा निवासी राहुल यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है। स्कॉर्पियो सवार तीनों युवक बहन की विदाई कराने ससुराल पहुंचे थे, लेकिन ससुराल वालों द्वारा उनकी हालत को देखते हुए मना कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने और शराब पी और स्कॉर्पियो दौड़ाई।
ग्राम परोगिया निवासी घरभरन यादव अपनी बहन की विदाई कराने के लिए गांव के राजमंत्री नामक व्यक्ति की स्कॉर्पियो (सीजी 15 डीई 3846) बुक कराकर ग्राम बिनिया गया था। वहां उसकी मुलाकात राहुल, घरभरन और सनी से हुई। बताया जा रहा है कि तीनों शराब के नशे में थे। इस दौरान ससुराल पक्ष ने बहन की विदाई करने से मना कर दिया, जिसके बाद तीनों का अपने जीजा से विवाद हो गया।
मामला कुन्नी चौकी पहुंचा। पुलिस ने समझाइश देकर शाम करीब 7 बजे उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद तीनों युवक लखनपुर पहुंचे और वहां फिर शराब का सेवन किया। इसके बाद वे स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार से उदयपुर की ओर ले जाने लगे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर खड़ी 3 बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर (Scorpio collided 3 bike) इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
बाइक को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो रामगढ़ रोड से लक्ष्मणगढ़ मार्ग की ओर भागी, लेकिन सानीबर्रा के झेरा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे (Accident in Udaypur) में राहुल यादव और सनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान राहुल यादव ने दम तोड़ दिया। सोमवार को पीएम पश्चात पुलिस ने युवक का शव उसके परिजन को सौंप दिया।
Updated on:
2 Nov 2026, 7:56 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 7:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.