
Ambikapur Fraud Case, प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- Patrika)
अंबिकापुर. इंस्टाग्राम पर अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी का विज्ञापन देखकर सीमेंट खरीदने के लिए संपर्क करना अंबिकापुर के एक कारोबारी को महंगा (Cement fraud case)पड़ गया। दरअसल इंस्टाग्राम पर क्लिक करने के बाद खुद को सेल्स मैनेजर बताते हुए एक व्यक्ति ने उसे फोन किया। कारोबारी ने उसे 1400 बोरी सीमेंट की सप्लाई का ऑर्डर दिया। इसके बदले कथित सेल्स मैनेजर ने कारोबारी से 4 लाख 13 हजार रुपए अपने खाते में जमा करा लिए। रुपए जमा करने के बाद भी सीमेंट की सप्लाई नहीं की गई। जब उसने मोबाइल से संपर्क करने का प्रयास किा तो कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद कारोबारी को ठगी का अहसास हुआ। पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि रिंग रोड प्रतापपुर नाका निवासी सुभय पाण्डेय सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण का व्यवसाय करते हैं। उसने अपनी फर्म मां श्यामा ट्रेडर्स के माध्यम से सीमेंट खरीदने के लिए 2 अक्टूबर 2026 को इंस्टाग्राम पर अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी (UltraTech Cement) का विज्ञापन देखा था।
विज्ञापन में दिए गए खरीद संबंधी विकल्प पर क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना परिचय कल्पेश सिन्हा, सेल्स मैनेजर के रूप में दिया। उसने कारोबारी से उनके व्यवसाय और सीमेंट की जरूरत के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद सेल्स मैनेजर ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा के मुंबई स्थित अंधेरी ईस्ट शाखा का खाता नंबर और आईएफएससी कोड भेजा।
इस खाते का नाम संजीव कुमार बताया गया। आरोपी के बताए अनुसार कारोबारी ने 7 अक्टूबर को 1400 बोरी सीमेंट के लिए प्रति बोरी 295 रुपए की दर से कुल 4 लाख 13 हजार रुपए (Big fraud) आरटीजीएस के माध्यम से जमा करा दिए। इसके लिए उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अपने खाते से चेक के जरिए रकम ट्रांसफर की।
रकम जमा करने के बाद भी कारोबारी को सीमेंट की डिलीवरी नहीं मिली। 7 अक्टूबर से लगातार इंतजार करने के बाद उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। पीडि़त सुभय पाण्डेय ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली (Ambikapur Kotwali) में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
1 Nov 2026, 1:32 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 1:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.