अंबिकापुर

Video: दुकान में लगी आग से जिंदा जल गई महिला, सिलेंडर फटने से पड़ोसी भी गंभीर, पेट्रोल बिक्री के दौरान हादसा

लाइट गुल होने के बाद मोमबत्ती की लौ के पास ही डिब्बे से पेट्रोल निकालकर पड़ोसी को बिक्री कर रही थी महिला दुकानदार, आग पकड़ते ही दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी फटा

2 min read

अंबिकापुर. कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंचनपुर में मंगलवार की देर शाम दुकान में आग लगने से महिला दुकानदार जिंदा जल गई। वहीं उसका पड़ोसी भी चपेट में आ गया। उसे गंभीर हालत में होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान लाइट गुल थी। ऐसे में मोमबत्ती से रोशनी की गई थी। इसी दौरान पेट्रोल लेने आए पड़ोसी को महिला मोमबत्ती के करीब ही डिब्बे से निकालकर दे रही थी। इसी दौरान आग पकड़ ली और बड़ा हादसा हो गया। वहीं परिजनों का कहना है कि दुकान में रखा सिलेंडर ब्लास्ट होने से घटना हुई।


कंचनपुर निवासी दरिला सिंह पति लालसाय 24 वर्ष घर के सामने वाले हिस्से में ही किराना दुकान चलाती थी। मंगलवार की शाम करीब 7.30 बजे गांव में लाइट गुल थी। इस दौरान महिला ने दुकान में मोमबत्ती जला रखी थी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसका पड़ोसी अजय पैंकरा दुकान में अवैध रूप से रखे पेट्रोल की खरीदी करने आया। महिला उसे डिब्बे से निकालकर पेट्रोल देने लगी, इस दौरान मोमबत्ती भी पास में ही थी। इसी बीच मोमबत्ती की लौ से पेट्रोल में आग लग गई और पूरे दुकान में फैल गई।

महिला कुछ कर पाती, इससे पहले ही वह आग की चपेट में आकर जिंदा जल गई। वहीं दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट कर गया। इससे पूरा दुकान जलकर जहां खाक हो गया, वहीं दुकान में आया पड़ोसी भी गंभीर रूप से झुलस गया।

दमकल की टीम ने किया रेस्क्यू

सूचना पर अंबिकापुर से दमकल की टीम घटनास्थल पहुंची और दुकान में लगी आग पर काबू पाया। दमकल की टीम ने महिला व उसके पड़ोसी को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। फिर दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टरों ने जांच पश्चात महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे अजय पैंकरा का होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों का है ये कहना

वहीं पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि दुकान में लाइट गुल थी। मृतका का पति दुकान से करीब 50 मीटर दूर ट्रांसफार्मर के पास बिजली मरम्मत का काम देख रहा था। वहीं पड़ोसी दुकान से कुछ दूर बैठा था।

दुकान में रखा गैस सिलेंडर पहले से लीक था। इसी बीच मोमबत्ती के कारण गैस सिलेंडर में आग लग गई और वह ब्लास्ट कर गया। इसकी चपेट में आकर महिला की मौत हो गई, जबकि पड़ोसी भी चपेट में आ गया।

Updated on:
16 May 2024 08:41 am
Published on:
15 May 2024 03:57 pm
Also Read
View All