अंबिकापुर

कट्टे की नोंक पर बदमाशों ने लूट ली स्कॉर्पियो, फिर ड्राइवर के हाथ-पैर बांधकर बीच सडक़ पर फेंका, लिया था किराए पर

Crime News: खुद को अधिकारी बताकर बदमाशों ने मैनपाट घूमने जाने के नाम पर स्कॉर्पियो को लिया था किराए पर, रास्ते में ड्राइवर को नशीला पदार्थ खिलाकर दिया वारदात को अंजाम, मारपीट में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

2 min read
Injured driver admitted in hospital

अंबिकापुर. Crime news: जिले में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हुई हैं। आए दिन बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में कट्टे की नोंक पर चालक को बंधक बनाकर स्कार्पियो लूटने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने खुद को अधिकारी बताकर किराए पर स्कॉर्पियो लिया था। बदमाशों ने चालक के हाथ-पैर बांधकर लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केवरा और टपरकेला के बीच सडक़ पर फेंक दिया था। मारपीट से चालक को चोटें आई है। घायल चालक को लखनपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अस्पताल भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने स्कॉर्पियो को किराए पर लिया था।


शुक्रवार की सुबह करीब आधा दर्जन युवकों ने सीतापुर थाने के सामने से एक स्कॉर्पियो बुक किया था। बुकिंग की बातचीत सीतापुर निवासी चालक शहबान अली उम्र 30 वर्ष से हुई थी। भाड़ा तय होने पर चालक शबहान अली के साथ सभी स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 15 डीडी 1836 से मैनपाट घूमने गए।

यहां सभी अनमोल रिसॉर्ट में भोजन किया और चालक को भी खिलाया। घुमने के दौरान मैनपाट के दलदली में युवको ने कट्टे की नोक पर चालक को नशीला पदार्थ खिला दिया। इससे उसे नींद आने लगी।

उल्टा पानी जाने वाले रास्ते में चालक के गले पर युवकों ने रस्सी डाल दी और खींचा तो हड़बड़ाकर चालक ने गाड़ी रोक दी। इस दौरान मौके पर बाइक पर सवार होकर 2 युवक और पहुंचे। एक युवक ने चालक के सिर पर कट्टे की बट से वार किया। उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसे गाड़ी में डाल दिया।


बीच सडक़ पर ड्राइवर को फेंका
चालक को कब्जे में लेने के बाद एक बदमाश ने स्कार्पियो चलाना शुरु किया। मैनपाट से दरिमा होते वाहन को बेलखरिखा की ओर ले गए। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केवरा और टपरकेला के बीच पहुंचे और स्कार्पियो रोक कर चालक को सडक़ पर फेंकर वाहन लेकर फरार हो गए।


रिश्तेदारों को दी सूचना
बदहवास चालक ने किसी तरह अपने हाथ खोले और रिश्तेदार को फोन लगाया। सूचना पर डायल 112 वाहन की टीम मौके पर पहुंची और चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। क्यों कि चालक के सिर पर गंभीर है।


मैनपाट में लावारिस मिली है बाइक
बताया जा रहा है कि मैनपाट थाना क्षेत्र में एक बाइक भी लावारिस मिली है इसका उपयोग आरोपितों द्वारा ही किए जाने का संदेह है। लखनपुर और सीतापुर पुलिस अलग-अलग जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के पेशेवर लुटेरे होने की संभावना है। लूटी गई स्कार्पियो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी परिवार की बताई जा रही है।


बदमाशों ने निर्माण कार्य का बताया था अधिकारी
वाहन बुकिंग के दौरान बदमाशों ने स्वयं को सीतापुर से लगे ग्राम चलता में निर्माणाधीन भवन के निर्माण कार्य का अधिकारी होना बताया था। फिर उन्होंने मैनपाट घूमने के नाम पर बुकिंग कराई थी।


मामले की चल रही है जांच
घटना हुई है। इसकी रिपोर्ट कमलेश्वरपुर थाने में दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है। चालक को नशीले पदार्थ खिलाए जाने का मामला जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
अखिलेश कौशिक, एसडीओपी

Published on:
02 Mar 2024 09:07 pm
Also Read
View All