अमरीका

संयुक्त राष्ट्र में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- अमरीकी मध्यावधि चुनाव में दखल देने की कोशिश कर रहा चीन

संयुक्त राष्ट्र में एक ओर जहां डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया की तारीफ की है वहीं चीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
trump
संयुक्त राष्ट्र में चीन पर बरसे डोनाल्ड ट्रंप, कहा- अमरीकी मध्यावधि चुनाव में दखल देने की कोशिश कर रहा चीन

संयुक्त राष्ट्रः अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र में विश्व के नेताओं से चीन की शिकायत की। ट्रंप ने कहा कि हमारे व्यापार नीति की वजह से चीन बौखला गया है जिसकी वजह से वह अमरीकी में होने वाले मध्यावधि चुनाव में दखलअंदाजी करने की कोशिश कर रहा है। पहली बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता करते हुए विश्व के नेताओं के सामने ट्रंप ने अपने दावे के सबूत पेश नहीं किए लेकिन इतना जरुर कहा कि उन्हें चिंता है कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव में रूस भी इसमें दखल दे सकता है।

ट्रंप ने की उत्तर कोरिया की तारीफ

कभी उत्तर कोरिया के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने वाले डोनाल्ड ने संयुक्त राष्ट्र में किम जोंग की तारीफ की। ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र को बताया कि उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग शांति चाहते हैं। किम से अपनी बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमरीका को उम्मीद है आने वाले दिनों में कोरियाई प्रायद्वीप परमाणु हथियार से मुक्त हो जाएगा। ट्रंप ने कहा कि उत्तर कोरिया ने परमाणु निरस्त्रीकरण की अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

ट्रंप ने विश्व व्यापार प्रणाली में बदलाव की मांग की
इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के समक्ष विश्व व्यापार प्रणाली में तुरंत बदलाव की मांग की और चीन के साथ अपने व्यापार युद्ध का बचाव किया। उन्होंने कहा कि एशियाई दिग्गज के साथ अमरीकी व्यापार घाटा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, "यह केवल शुरुआत है। इस सभागार में कई देश इस बात से सहमत होंगे कि विश्व व्यापार प्रणाली में बदलाव की सख्त जरूरत है।" ट्रंप ने चेताया कि अमरीका इसे अब और बर्दाश्त नहीं करेगा। बता दें कि अमरीका ने हाल ही में चीन निर्मित वस्तुओं पर अतिरिक्त 200 अरब डॉलर के शुल्क की घोषणा की है। अब तक कुल शुल्क बढ़कर 250 अरब हो चुका है।

Updated on:
26 Sept 2018 09:58 pm
Published on:
26 Sept 2018 09:58 pm