Ashoknagar, rain, monsoon pace slow, seasonal diseases increase,
अशोकनगर. जिले में मौसम पल-पल रंग बदल रहा है, इससे मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। सर्दी-जुकाम के मरीज अधिक बढ़ रहे हैं।
कभी तेज धूप निकलती है तो कभी काली घटाएं छा जाती हैं। बारिश भी पर्याप्त नहीं हो रही है, लोगों को अब मूसलाधार बारिश का इंतजार है। पिछले तीन दिनों से रोज बारिश तो हो रही है लेकिन
अब भी जिले में गति नहीं पकड़ी है।
दिन भर में किसी भी समय केवल एक बार ही बारिश होती है, इसके बाद आसमान साफ हो जाता है। फिर कहीं-कहीं बीच-बीच में बादल नजर आते हैं तो कहीं धूप खिली नजर आ रही है। शनिवार को भी सुबह के समय जिला मुख्यालय पर पानी गिरा, इसके बाद धूप निकल आई। दोपहर के समय कहीं-कहीं बादल भी नजर आए। शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक जिले में कुल औसम बारिश 5.50 मिमी दर्ज की गई।
रिमझिम और हल्की बारिश से फसलों को तो नया जीवन मिल गया है, लेकिन जिले के जल स्रोत अब भी सूखे पड़े हैं। नदी-तालाबों में पानी नहीं पहुंचा है, वहीं भूमिगत जल में भी कोई वृद्धि नहीं हो पाई है। बारिश होने से उमस व गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा।