MP News: मध्यप्रदेश के अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की है।
MP News: मध्यप्रदेश के अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने शनिवार को चंदेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। कुछ को निलंबित...कुछ की वेतनवृद्धि और कई को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कलेक्टर आदित्य सिंह को शासकीय प्राथमिक विद्यालय, ग्राम जारसल चक्क में मध्याह्न भोजन चूल्हे पर बनने की शिकायत मिली थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए जनपद शिक्षा केंद्र चंदेरी के सी.ए.सी. अशोक ओझा और बी.ए.सी. राम सिंह लोधी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
ऐसे ही ग्राम पंचायत डुंगासरा के सचिव सत्यपाल सिंह पंवार को मुख्यालय पर उपस्थित नहीं पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया। ग्राम जारसल और जारसल चक्क में आंगनवाड़ी के बच्चों को समय पर नाश्ता न मिलने और आंगनवाड़ी केंद्र समय पर न खुलने के कारण पर्यवेक्षक सदमा बानो को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
ग्राम जारसल चक्क के पटवारी कुलदीप सोलंकी अपने नियत मुख्यालय में उपस्थित नहीं थे। जिसके चलते उनकी वेतनवृद्धि रोक दी गई। इसी तरह ग्राम जारसल के सचिव राजेंद्र सिंह मुख्यालय से अनुपस्थित थे। उनकी भी दो वेतनवृद्धि रोक दी गई।
थूबोन का उप-स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर बीएमओ प्रशांत दुबे को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंदेरी सुरभि जैन को ग्राम डुंगासरा का माध्यमिक विद्यालय बंद पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस थमाया गया।
इसी क्रम में, ग्राम जारसल की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता लोधी को कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी हुआ। ग्राम जारसल चक्क और ग्राम डुंगासरा के विद्यालयों में गैस चूल्हा उपलब्ध न होने के कारण मिट्टी के चूल्हे पर मध्याह्न भोजन तैयार किए जाने पर विकासखंड स्रोत समन्वयक चंदेरी वेद प्रकाश गोयल को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
वहीं इसके अलावा ग्राम जारसल और ग्राम डुंगासरा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित नहीं होने पर, बच्चों की उपस्थिति कम होने तथा नाश्ता समय पर उपलब्ध न कराने के मामले में प्रभारी परियोजना अधिकारी चंदेरी मिथलेश रैकवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। आंगनवाड़ी केंद्र डुंगासरा की कार्यकर्ता सुनीता बाई को उपस्थित न पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस किया गया है।