mp news: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे ने अशोकनगर के बड़े व्यापारी से मांगी थी 10 करोड़ की रंगदारी, आरोपी के पास से 6 पेट्रोल बम बरामद।
mp news: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग के एक गुर्गे को पकड़ा है। आरोपी के पास से पुलिस ने 6 पेट्रोल बम, फर्जी आधार कार्ड, एक मोबाइल और एक बाइक जब्त की है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जयपुर का रहने वाला है। अशोकनगर के एक बड़े व्यापारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिली थी और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जिसके बाद से पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
अशोकनगर एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मनीष जांगिड़ (19) जयपुर के साकून दादू गांव का रहने वाला है। उसके कब्जे से छह तैयार पेट्रोल बम, दो मोबाइल, एक बाइक और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। 12 फरवरी को शहर के व्यापारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर के नाम से व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आया था जिसमें 10 करोड़ रुपये न देने पर उन्हें व उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसकी शिकायत व्यापारी अंकित अग्रवाल ने पुलिस में दर्ज कराई थी और तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी मनीष जांगिड़ बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। वो बीते 8 दिन से एक होटल में फर्जी आधार कार्ड के सहारे रुका हुआ था। आरोपी हर दिन स्टेशन रोड पर स्थित व्यापारी के घर की रेकी करता था और वीडियो भी बनाता था। आरोपी को ऑनलाइन ही पेट्रोल बम बनाने की ट्रेनिंग दी गई थी और इस काम के लिए एक लाख रुपये उसे एडवांस दिए गए थे। इन्हीं पैसों से आरोपी ने अशोकनगर में ही एक पुरानी बाइक खरीदी थी जिससे वो वारदात को अंजाम देने के बाद भागने वाला था। पुलिस अब इस मामले में विदेश में बैठे हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर को भी सह-आरोपी बनाने की तैयारी कर रही है।