अशोकनगर

नाम ‘छोटू’…काम बड़ा! घर की रेकी कर, रिश्तेदारों से कराई 8 लाख की चोरी

MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक छोटू नाम के युवक ने गांव के ही एक घर की रेकी कर रिश्तेदारों से 8 लाख की चोरी करवा दी।

2 min read
Feb 23, 2026
फोटो सोर्स- पत्रिका

MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के कचनार थाना क्षेत्र के ग्राम सोवत में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि वारदात की पटकथा किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि गांव के ही एक युवक ने लिखी थी। आरोपी ने पहले सूने घर की रेकी की और फिर अपने रिश्तेदारों को बुलाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को धर दबोचा है और उनके पास से चोरी गया करीब 8 लाख रुपये कीमत का माल (सोने-चांदी के जेवर और नकदी) बरामद कर लिया है।

पूरी घटना 15 फरवरी की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। ग्राम सोवत निवासी 62 वर्षीय फरियादिया शारदा बाई पत्नी देवी सिंह के सूने घर में अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला था। चोर इत्मीनान से सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि पार कर ले गए थे। सुबह घटना की जानकारी लगने पर कचनार थाने में बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना आई काम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजीवकुमार मिश्रा ने थाना प्रभारी कचनार को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पूनम सेलर ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, तो सुई गांव के ही एक युवक पर जाकर अटकी।

रिश्तेदारों के साथ मिलकर करवाई चोरी

विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्राम सोवत के ही रहने वाले पाताल उर्फ छोटू बाल्मीक ने इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। उसने पहले वृद्धा के घर की रैकी की और यह पुख्ता किया कि घर सूना है। इसके बाद उसने गुना जिले के म्याना और आरोन थाना क्षेत्र से अपने रिश्तेदारों को गांव बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया।

8 लाख का माल और दो बाइक जब्त

पुलिस ने घेराबंदी कर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में गुना जिले के मानपुर निवासी जैकी पुत्र बृजेश बाल्मीक, करन पुत्र सोनू बाल्मीक, गुना जिले के निबोदा निवासी अमन पुत्र विनोद बाल्मीक और अशोकनगर जिले के सोवत निवासी पाताल उर्फ छोटू पुत्र हरवीर बाल्मीक शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चुराई गई सोने की चैन, मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी की पायलें, चांदी के टुकड़े और 30 हजार रुपए नकदी बरामद किए हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

Published on:
23 Feb 2026 04:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर