6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मैं तुम्हें आवास दे रहा हूं, बदले में मुझे क्या दोगे… भरे मंच से युवक से बोले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया

Jyotiraditya Scindia- सिंधिया बोले-जिंदगी के आखिरी क्षण तक मुंगावली के विकास के लिए तत्पर रहूंगा, केंद्रीय मंत्री ने लगाया जनता दरबार, किसी को मिला सिलेंडर, किसी को मिला आवास

2 min read
Google source verification
Jyotiraditya Scindia helps a youth quit chewing supari in exchange for house

Jyotiraditya Scindia (file photo)

Jyotiraditya Scindia - केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को मुंगावली व पिपरई के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण किया और जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्षेत्र को करीब 14.24 करोड़ रुपए की लागत के 78 विकास कार्यों की सौगात दी। 245 लाख रुपए की लागत के 13 कार्यों का लोकार्पण और 1179.24 लाख रुपए के 65 कार्यों का शिलान्यास किया। मुंगावली नगर परिषद ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुंगावली से उनका रिश्ता राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक है। उन्होंने कहा कि जिंदगी के प्रथम चरण से आखिरी चरण तक मुंगावली के विकास के लिए तत्पर रहेंगे। दौरे में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक युवक को आवास लाभ दिया। बदले में उससे सुपारी खाना छोड़ने का वादा कराया।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया Jyotiraditya Scindia ने कार्यक्रम में कहा कि वह जब भी आते है खाली हाथ नहीं आते। इस बार वह रोड, रेल और अधोसंरचना के कार्यों के साथ पेयजल की बड़ी सौगात लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि अशोकनगर जिले के लिए 922 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत कराई है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पानी पहुंच सके। पेयजल व्यवस्था की मजबूती के लिए 6 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका जो पानी दे रही है उसकी शुद्धता मिनरल बॉटर से बेहतर है।

कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र और नगर परिषद द्वारा पट्टों का वितरण किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र और स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिलें बांटी। किसानों को कृषि यंत्र और दुधारू पशु योजना के तहत चेक व लाभ प्रदान किए गए।

पिपरई में 1100 लोगों की सुनी समस्या 200 का मौके पर किया निराकरण

पिपरई कस्बे के पुरानी तहसील परिसर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनता दरबार लगाया। इस दौरान विभिन्न समस्या मूलक 1100 के लगभग आवेदन आए। सिंधिया ने इनमें से 200 आवेदकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया और अन्य समस्याओं के निराकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान इसयन खान ने बताया कि वह दस वर्षों से पीएम आवास के लिए ग्राम पंचायत के चक्कर लगा रहा था, लेकिन सिंधिया ने उन्हें मात्र दस मिनट में आवास दिलवा दिया। वहीं विक्रम सिंह का तीन वर्षों से संबल कार्ड नहीं बन रहा था, जो अब बन गया। रुखसार उज्जवला योजना के लिए परेशान हो रही थी जिसे कनेक्शन मिलेगा।

दौरे में ज्योतिरादित्य सिंधिया नव विवाहित युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष विमल प्रजापति के घर नव दंपत्ति को आशीर्वाद देने पहुंचे। उसके बाद पूर्व विधायक नेता चंद्रमोहन रावत का स्वास्थ्य जाना। साथ ही मंडल कोषाध्यक्ष कैलाश सेन की माताजी के निधन पर उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ राजेश कुमार जैन, नगर परिषद अध्यक्ष नीतू ग्वाल आदि भी उपस्थित थे।

आज मैं आपको कुटीर दे रहा हूँ, बदले में सुपारी खाना बंद कर दो

अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के संबंध में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट भी किया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें एक युवक से सुपारी खाना छोड़ने की सलाह दी।