
MP News तांत्रिक आयुषी चौहान की लग्जरी लाइफ देख पुलिस भी हैरान (source: patrika)
MP News: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में प्रेम, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की ठगी के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे हैरान करने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। युवती को प्रेमजाल में फंसाकर करीब 1.30 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले गिरोह ने पुलिस रिमांड में कबूल किया है कि काली कमाई को उन्होंने ऐशो-आराम और दिखावे पर उड़ाया। पुलिस अब तक आरोपियों के कब्जे से करीब 70 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति और लग्जरी सामान जब्त कर चुकी है। मामले ने शहर में ब्लैकमेलिंग के बड़े सिंडिकेट की आशंका को भी हवा दे दी है।
जांच में सबसे चौंकाने वाला नाम गुना निवासी एस्ट्रोलॉजर(Astrologer) और तांत्रिक बताई जा रही आयुषी चौहान का सामने आया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आयुषी ने ठगी की रकम से अपनी रईसी दिखाने के लिए विशेष तौर पर करीब आधा किलो चांदी की चप्पलें, लगभग 250 ग्राम चांदी का पर्स और चांदी की ईंट बनवाई थी। आरोपी आयुषी और उसके पति आकाश चौहान ने स्वीकार किया है कि ठगी की रकम से करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर खरीदे गए। इसके अलावा एक लग्जरी कार, दो आईफोन, एप्पल नोटबुक, स्कूटी, महंगे ब्रांडेड कॉस्मेटिक सामान, बड़ा फ्रीज, वाशिंग मशीन, अलमारी और महंगी घड़ियां भी खरीदी गईं। कोतवाली पुलिस ने यह पूरा सामान गुना स्थित उनके घर से जब्त कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान के मुताबिक मामले की तह तक पहुंचने के लिए आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कई डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश की है। तकनीकी विशेषज्ञ अब डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करेंगे, जिससे कई और राज सामने आ सकते हैं। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और पेमेंट गेटवे की भी पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी की रकम के लेन-देन की पूरी श्रृंखला सामने आ सके। साथ ही छिपाई गई अन्य चल-अचल संपत्तियों की भी तलाश जारी है।
युवती को ब्लैकमेल कर वसूली गई राशि पर पाप न लगे, इसलिए आरोपी मंदिरों में पहुंचकर दान-पुण्य कराते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी गरीबों को भंडारा करते थे। बंगाल में बलि भी दी गईं।
मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लंबे समय से सक्रिय बताए जा रहे इस ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। शहर में यह भी चर्चा है कि आरोपियों के मोबाइल में कई अन्य युवतियों और रसूखदार लोगों के वीडियो व फोटो हो सकते हैं। लोगों का मानना है कि इतने लंबे समय से सक्रिय गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह फंसाया होगा। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं कि कहीं और लोग भी ब्लैकमेलिंग या ठगी का शिकार तो नहीं हुए।
Published on:
13 May 2026 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allअशोकनगर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
