एशिया

उत्तर कोरिया-चीन के बीच रिश्ते सुधरे, 12 साल बाद विमान सेवाएं फिर बहाल

मीडिया रिपोर्ट में शनिवार को इस बारे में जानकारी दी गई।
2 min read
flight services resumes between north korea to Chinese city
उत्तर कोरिया-चीन के बीच रिश्ते सुधरे, 12 साल बाद उड़ान सेवाएं फिर बहाल

सियोल। उत्तर कोरिया ने प्योंगयांग से लेकर चीन के डालियान शहर के बीच उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं। इस कदम के पीछे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार कर और मजबूती देना है। मीडिया रिपोर्ट में शनिवार को इस बारे में जानकारी दी गई।

उत्तर कोरिया की सरकारी विमानन कंपनी एयर कोरियो की सेवा

इस संबंध में वहां के स्थानीय पर्यटन एजेंसियों ने बताया कि उत्तर कोरिया की सरकारी विमानन कंपनी एयर कोरियो का एक यात्री विमान गुरुवार को डालियान के हवाईअड्डे पर उतरा। इसके बाद विमान प्योंगयांग वापस लौटने के रवाना हुआ, इस दौरान विमान में लगभग 70 लोग सवार थे।

12 साल बाद पहला विमान

खास बात ये है कि नवंबर 2006 के बाद यह उत्तर कोरिया का पहला विमान था, जिसने दोनों देशों के बीच उड़ान भरी। जानकारी मिल रही है कि दोनों देशों के बीच अब से हर गुरुवार और रविवार को इस तरह की उड़ान सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

काफी समय से दोनों देशों के बीच सुस्त थे रिश्ते

प्योंगयांग और डालियान के बीच दोबारा शुरू हुए इस विमान सेवा को उत्तर कोरिया-चीन के बीच सुधरते रिश्ते की निशानी का एक उदाहरण माना जा रहा है। आपको बता दें कि पिछले काफी समय से दोनों देशों के बीच सुस्त रिश्ते बने थे, इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह उत्तर कोरिया की परमाणु और मिसाइल से जुड़ी रणनीतियां बताई जाती हैं।

उत्तर कोरिया के 70वें स्थापना दिवस के मौके पर भी दिखी थी दोस्ती

विमान यात्रा शुरू होने से पहले ही दोनों देशों ने अपने सुधरते रिश्तों के संकेत दिए थे। बता दें कि पिछले हफ्ते उत्तर कोरिया के 70वें स्थापना दिवस के मौके पर भी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बीजिंग से अपने तृतीय श्रेणी के अधिकारी ली झांशु को समारोह में हिस्सा लेने भेजा था। समारोह में मिलिट्री परेड के दौरान ली उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ-साथ बैठे देखे गए थे। इसके अलावा उत्तर कोरिया ने दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों पर जोर देने के लिए ली और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए एक कला प्रदर्शन और भोज का विशेष आयोजन भी किया था।

Published on:
15 Sept 2018 12:06 pm