एशिया

अबु धाबी से मदद की आस में इमरान खान, यूएई का दूसरा दौरा किया

वित्तीय संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान की आईएमएफ के सहायता पैकेज पर निर्भरता कम हो सकेगी
less than 1 minute read
• •
Updated: 19 Nov 2018, 2:36 PM IST
imran
अबु धाबी से मदद की आस में इमरान खान, यूएई का दूसरा दौरा किया

लाहौर। पाकिस्तान इस समय आर्थिक संकट से जूझ रहा है। इमरान सरकार अपनी तरफ से पूरी जोड़तोड़ की कोशिश कर रही है। पाकिस्तान कभी आईएमएफ (इंटरनेशनल मॉनेटिरिंग फंड) से तो कभी अरब देशों की ओर टकटकी लगाए खड़ा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अबुधाबी के युवराज से रविवार को मुलाकात की और द्विपक्षीय,क्षेत्रीय तथा आपसी हितों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस बीच ऐसी खबरें हैं कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पाकिस्तान को आर्थिक सहयोग देने को तैयार है,जिससे वित्तीय संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान की आईएमएफ के सहायता पैकेज पर निर्भरता कम हो सकेगी।

यूएई का यह दूसरा दौरा

बीते दो महीनों में खान का यूएई का यह दूसरा दौरा है। उन्होंने 'प्रेजिडेंशल पैलेस' में आबुधाबी के युवराज और यूएई के सशस्त्र बलों के उप सर्वोच्च कमांडर शेख मोहम्मद बिन जाएद से मुलाकात की। उनके साथ विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और वित्त मंत्री असद उमर तथा चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल कमर जावेद बाजवा भी हैं।

बीजिंग यात्रा का कार्यक्रम

खान यूएई के उप राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद से मुलाकात कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूएई से अच्छे संकेत मिल रहे है और सरकार को अच्छा पैकेज मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा खान की बीजिंग यात्रा का कार्यक्रम है और सरकार चीन सरकार के साथ भी सहायता पैकेज पर बात कर रही है। वित्त मंत्री उमर ने आईएमएफ की शर्तों और प्रधानमंत्री के यूएई दौरे के बीच किसी तरह के संबंध से इनकार किया है। रिर्पोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की कोशिश है कि उसे आईएमएफ से कर्ज लेना न पड़े।

Published on: