
जकार्ता। इंडोनेशिया की जंगलों में लगी आग भयानक रूप लेती जा रही है। स्थिति काबू न आते देख अब देश के राष्ट्रपति ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रपति जोको विडोडो ने आग प्रभावित इलाकों में 5600 सैनिकों को तैनात करने का फैसला किया है। विडोडो ने यह कदम पड़ोसी देशों की अपील के बाद किया है।
3,28,700 हेक्टेयर इलाका हो चुका है तबाह
मंगलवार को इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ने प्रभावित हुए क्षेत्रों का दौरा भी किया था। यहां उन्होंने बताया कि छह राज्यों में फैल चुकी आग पर कृत्रिम बारिश (Artificial Rain) की मदद से काबू पाने के लिए 52 हेलिकॉप्टर तैनात है। जिनसे अभी तक 2.63 करोड़ लीटर पानी और 164 टन नमक का छिड़काव किया चुका है। उन्होंने इसके बाद ही ये ऐलान किया। आपको बता दें कि इंडोनेशिया के करीब 3,28,700 हेक्टेयर जंगली इलाकों आग फैल चुकी है। इसको काबू करने के लिए पहले से ही नौ हजार सैनिक तैनात किए जा चुके हैं। इस भयंकर हालात के बीच देश में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई है।
पड़ोसी देश हो रहे बेहाल
इस आग के कारण दक्षिण-पूर्व एशियाई इलाकों में आसमान काले और जहरीले धुएं से पट गया है। इससे परेशान कई पड़ोसी देशों ने इंडोनेशिया से किसी ठोस कार्रवाई की अपील की है। अपने दौरे पर राष्ट्रपति विडोडो ने प्रशासनिक अधिकारियों को इस जहरीले धुएं पर नियंत्रण करने के निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि इंडोनेशिया में हर साल ऐसी भीषण जंगली आग लगती है। इसके कारण पड़ोसी देश जैसे मलेशिया और सिंगापुर समेत कई क्षेत्र में जहरीली हवा फैल जाती है।