
मलेशिया में हेलीकॉप्टर क्रैश (Photo - Video Screenshot from @kasturi2u)
प्लेन क्रैश (Plane Crash) और हेलीकॉप्टर क्रैश (Helicopter Crash) के मामलों में दुनियाभर में इजाफा हो रहा है। अक्सर ही इस तरह की घटनाएं देखने को मिलती हैं। अब मलेशिया (Malaysia) में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। मलेशिया के उत्तरी बोर्नियो (Borneo) के सारावाक (Sarawak) राज्य में 'फ्लाइंग डॉक्टर सर्विस' की एक उड़ान के दौरान BO-105 हेलीकॉप्टर लॉन्ग लेलांग शॉर्ट टेकऑफ एंड लैंडिंग एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गया। मलेशिया के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बयान जारी करते हुए इस हादसे के बारे में जानकारी दी।
हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद आग का गोला बन गया और धूं-धूं कर जलने लगा। फायर एंड रेस्क्यू डिपार्टमेंट की टीम कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। हादसे के समय 'फ्लाइंग डॉक्टर सर्विस' के इस हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 5 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि 4 अन्य लोग हेल्थ मिनिस्ट्री के सदस्य थे। इनमें एक मेडिकल ऑफिसर, एक असिस्टेंट मेडिकल ऑफिसर और दो नर्स शामिल हैं। चारों आधिकारिक ड्यूटी पर थे। सभी लोगों की इस हादसे में मौत हो गई, जिसकी पुष्टि हो गई है। मृतकों के नाम और अन्य डिटेल्स अभी उजागर नहीं की गई हैं। हालांकि सभी के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है जिससे उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी दी जा सके।
हेलीकॉप्टर किस वजह से क्रैश हुआ, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि मामले की जांच शुरू हो गई है। ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री के तहत वायु दुर्घटना जांच ब्यूरो इस मामले की जांच कर रहा है, जिससे जल्द से जल्द इस हादसे की वजह पता लगाई जा सके।
BO-105 हेलीकॉप्टर एक हल्का, ट्विन इंजन वाला हेलीकॉप्टर है जिसे मूल रूप से जर्मनी में बनाया जाता है। इस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कई तरह के नागरिक और सैन्य कामों के लिए किया जाता है।
दुनियाभर में विमान हादसे तेज़ी से बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। इन हादसों को रोकने के लिए कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं, लेकिन फिर भी कोई फायदा नहीं हो रहा है।
Updated on:
08 Sept 2026 08:02 pm
Published on:
08 Sept 2026 08:02 pm
