एशिया

बिकेंगे राज कपूर और दिलीप के पुश्तैनी मकान, खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने बनाई खरीदने की योजना

सरकार विभाजन से पहले बने फिल्म इंडस्ट्री के दो दिग्गज अभिनेता राज कपूर और दिलीप कुमार के घरों समेत 25 अन्य ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाली इमारतों को खरीदना चाहती है।
less than 1 minute read
Dec 23, 2018
raj
बिकेंगे राज कपूर और दिलीप के पुश्तैनी मकान, खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने बनाई खरीदने की योजना

इस्लामाबाद। अभी जिन्ना हाउस का विवाद शांत भी नहीं हुआ था कि जमीन को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच एक नया मामला सामने आया है। खबर के मुताबिक पाक की खैबर पख्तूनख्वा सरकार दो भारतीय कलाकरों के पुश्तैनी मकानों को खरीदने की योजना में है। वहां सरकार विभाजन से पहले बने फिल्म इंडस्ट्री के दो दिग्गज अभिनेता राज कपूर और दिलीप कुमार के घरों समेत 25 अन्य ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाली इमारतों को खरीदना चाहती है।

इस खरीदारी के लिए 61 करोड़ रुपये आवंटित

जानकारी के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने इस खरीदारी के लिए 61 करोड़ रुपये आवंटित किया है। हालांकि इसके पहले ही राज्य सरकार ने इन घरों को राष्ट्रीय विरासत घोषित कर दिया है। आपको बता दें कि इन दोनों मशहूर भारतीय अभिनेताओं के पुश्तैनी मकान वहां की राजधानी पेशावर के प्रख्यात किस्सा ख्वानी बाजार में हैं। 'कपूर हवेली' के नाम से मशहूर राज कपूर के पैतृक मकान का निर्माण उनके दादा दीवान बशेस्वरनाथ कपूर ने 1918 से 1922 के बीच कराया था। राज कपूर की पैदाइश भी इसी मकान में हुई थी।

विभाग को फिजबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश

गौरतलब है कि पाक के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के कार्यकाल के दौरान साल 2014 में दिलीप के पैतृक घर को संघीय पुरावशेष अधिनियम के तहत राष्ट्र्रीय विरासत घोषित किया गया था। इस बारे में राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि पुरातत्व विभाग को फिजबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दे दिए गए है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट मिलते ही इन इमारतों को खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर.

Published on:
23 Dec 2018 03:08 pm