एशिया

साउथ कोरिया से बातचीत को तैयार हुआ नॉर्थ कोरिया, अगले हफ्ते हो सकती है बैठक

दक्षिण कोरिया ने शनिवार को कहा कि उत्तर कोरिया ने अगले सप्ताह उच्चस्तरीय अंतर कोरियाई वार्ता के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।

2 min read
North Korea

नई दिल्ली। दक्षिण कोरिया ने शनिवार को कहा कि उत्तर कोरिया ने अगले सप्ताह उच्चस्तरीय अंतर कोरियाई वार्ता के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह वार्ता 29 मार्च को होगी। दक्षिण कोरिया ने पहले कोरियाई विसैन्यीकृत क्षेत्र में पानमुन्जोम गांव में इस वार्ता को आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था।

किम जोंग उन से मुलाकात कर सकते हैं मून

उत्तर कोरिया का कहना है कि इस वार्ता में पीसफुल रीयूनिफिकेशन ऑफ द फादरलैंड कमिटी के अध्यक्ष री सोन क्वोन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडलशामिल होगा। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के चो योंग योन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। यह ऐलान दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन के अमरीका, उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया की बैठक की संभावनाओं के एक दिन बाद किया गया है। मून ने कहा था कि अगले महीने उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के साथ होने वाली ऐतिहासिक वार्ता से पहले बातचीत जारी है। मून अप्रैल में किम जोंग उन से मुलाकात कर सकते हैं।वहीं इससे पहले उत्तर कोरिया एवं दक्षिण कोरिया के राजदूतों के बीच असैन्यीकृत क्षेत्र पर (डीएमजेड) एक नई कार्यस्तरीय बैठक हो चुकी है। इस बैठक के दौरान अप्रैल में होने वाले अंतर कोरियाई सम्मेलन से पूर्व सांस्कृतिक आदान प्रदान और संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई। यह बैठक डीएमजेड के उत्तरी छोर पर तोंगिलगाक पैविलियन में आयोजित की गई। यह बैठक कलाकारों के एक समूह और दक्षिण कोरिया की ताइक्वांडो टीम के प्योंगयांग के आगामी दौरे पर केंद्रित रही।

न्योता भी दिया

एकीकरण मंत्रालय के अनुसार इस सांस्कृतिक आदान-प्रदान के दौरान प्योंगयांग में दक्षिण कोरियाई पॉप म्यूजिक कंसर्ट भी होगा, जो प्योंगयांग में 1985 और 2000 में हो चुका है। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने निजी तौर पर प्योंगयांग में दक्षिण कोरियाई राजदूतों से बताया कि वह अप्रैल में राष्ट्रपति मून जे इन के साथ मुलाकात करेंगे। उन्होंने इसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मई में उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण के मुद्दे पर संयुक्त सम्मेलन आयोजित करने का न्योता भी दिया।

Published on:
24 Mar 2018 06:23 pm