
Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को औरैया जिले के बिधूना पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत सपा नेता गौरव रघुवंशी की शोक सभा में शिरकत की और मीडिया से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। अखिलेश ने सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार अब जाने वाली है इसलिए वह सामान समेटने और लूटने में लगी है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के राज में हर काम में 60 फीसदी कमीशन लिया जा रहा है। उन्होंने देश और प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेरोजगारी और पेट्रोल डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और इनमें मिलावट भी हो रही है। जीडीपी के दावों पर तंज कसते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जीडीपी केवल एक अनुमान है लेकिन आम आदमी के लिए विकास का असली पैमाना रोजगार और रोजमर्रा की सुविधाएं हैं जो उसे नहीं मिल रही हैं। ऐसा लगता है कि जीडीपी शून्य हो गई है और जमीन पर कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा।
सपा अध्यक्ष ने पुलिस और कानून-व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है और विभाग में भ्रष्टाचार बहुत बढ़ गया है। अखिलेश ने सीधा आरोप लगाया कि जैसे ही हथेली गर्म होती है पुलिस नरम हो जाती है यानी बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि पुलिस खुद अन्याय करने की जगह ढूंढ रही है।
अयोध्या राम मंदिर के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां चोरी और लूट हुई है। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार अयोध्या गए और लोगों से ज्यादा से ज्यादा चढ़ावा चढ़ाने की अपील की। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि यह अपील इसलिए की गई ताकि ज्यादा से ज्यादा लूट की जा सके।
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह फिल्म रिलीज होने से पहले ही फ्लॉप हो गई है। इसी दौरान उन्होंने जो राम है वही कृष्ण है का नया नारा भी दिया। अखिलेश ने प्रदेश की सड़कों को लेकर कहा कि सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और एंबुलेंस जैसी स्वास्थ्य सेवाएं भी बदहाल हैं।
सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने की कार्रवाई पर अखिलेश ने कहा कि समाज तभी मजबूत होगा जब हम एक दूसरे के धर्म का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि एक सच्चा हिंदू और सनातनी कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि जब पीएम मोदी विदेश जाते हैं तो 'वसुधैव कुटुंबकम' की बात करते हैं इसलिए देश में भी सभी धर्मों के लोगों को मिल जुलकर रहना चाहिए।
अखिलेश यादव ने गौरव रघुवंशी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि गौरव कम उम्र के नौजवान और पार्टी के जिम्मेदार कार्यकर्ता थे। अखिलेश ने कहा कि अगर उन्हें समय पर इलाज मिल जाता तो शायद आज वह उनके बीच होते। उन्होंने कहा कि कई बार व्यस्तता के कारण लोग समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। गौरव को ब्रेन हेमरेज या उससे जुड़ी परेशानी के बाद अस्पताल ले जाया गया था। अखिलेश ने कहा कि अगर उन्हें तुरंत जरूरी इलाज मिल जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।