औरैया

औरैया में दर्दनाक हादसा: बाइक के पहिए में फंसा साड़ी का पल्लू, सड़क पर गिरकर 60 साल की महिला की मौत

Uttar Pradesh Road Accident: औरैया में शादी समारोह में पूड़ी बेलने जा रही 60 वर्षीय गीता देवी की बाइक से गिरकर मौत हो गई। उनकी साड़ी का पल्लू पिछले पहिए में फंस गया था, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर सिर के बल गिर गईं।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 11:04 AM IST
bike accident death
बाइक के पहिए में फंसा साड़ी का पल्लू, 60 साल की महिला की मौत (representative picture)

Uttar Pradesh News: औरैया में एक दर्दनाक हादसे में 60 साल की महिला की जान चली गई। वह बाइक से शादी समारोह में पूड़ी बेलने के काम के लिए जा रही थीं। रास्ते में अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। इससे बाइक पर बैठी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना वंशी गांव के पास हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शादी समारोह में काम करने जा रही थीं गीता देवी

मृतका की पहचान अछल्दा थाना क्षेत्र के गुनौली गांव निवासी गीता देवी (60) के रूप में हुई है। वह गांव के ही प्रदीप कुमार के साथ बाइक से रजुआमऊ गांव जा रही थीं। वहां एक शादी समारोह में उन्हें पूड़ी बेलने का काम करना था। दोनों बाइक से वंशी गांव के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

अचानक पिछले पहिए में फंस गया साड़ी का पल्लू

जानकारी के मुताबिक, गुनौली गांव निवासी प्रदीप कुमार पुत्र राजकुमार बाइक चला रहे थे। उनके साथ गीता देवी पीछे बैठी थीं। वंशी गांव से निकलने के बाद अचानक गीता देवी की साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर सिर के बल गिर गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के तुरंत बाद गीता देवी को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अछल्दा ले जाया गया। वहां डॉक्टर अविचल पांडेय ने उनकी जांच की। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और गांव के लोगों में दुख का माहौल है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक मुन्नालाल और उपनिरीक्षक मेवालाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने गीता देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है।

परिवार की मदद के लिए शादियों में करती थीं काम

गीता देवी के पति का नाम सर्वेश कुमार दुबे है। परिवार में उनका एक बेटा विवेक उर्फ चिंकू है। वह शादियों और अन्य समारोहों में पूड़ी बेलने का काम करती थीं। इसी काम से वह परिवार की आर्थिक मदद करती थीं। जिस शादी समारोह में काम करने के लिए वह घर से निकली थीं, वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में हादसे ने उनकी जान ले ली।

Updated on:
14 Nov 2026, 11:04 AM IST
Published on: