सभी दल जीत के लिए जोर आजमाईश में जुट गए हैं। ऐसे में यूपी की कन्नौज की सीट पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।
लखनऊ. 2019 चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष रह गए हैं। और सभी दल जीत के लिए जोर आजमाईश में जुट गए हैं। ऐसे में यूपी की कन्नौज की सीट पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। वर्तमान में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव यहां से सांसद हैं, लेकिन अगले चुनाव में उनके यहां से लड़ने की उम्मीदें कम है क्योंकि अखिलेश यादव पूर्व में ही ऐलान कर चुके हैं कि वो इस सीट से 2019 लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
आदित्य यादव ने कहा था यह-
वहीं सपा से अलग हुए शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की निगाहें भी इस सीट पर टिकी हुई हैं। और हाल ही में पसपा लोहिया के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव से इस पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने संभावनाएं जताते हुए कहा था कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और नेतृत्व यह तय करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का निर्देश होगा तो डिंपल यादव के विरुद्ध वे चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा सांसद ने बताया कौन लड़ेगा चुनाव-
वहीं भाजपा इस सीट से किसे चुनाव लड़वाएगी, इसका जवाब कन्नौज पहुंचे भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने दिया। कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से उनका नाम भी चर्चा में है और यहां से लड़ने पर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनके लिए उन्नाव क्षेत्र ही बेहतर है। उन्होंने आगे कहा कि यहां से नरेंद्र राजपूत अच्छा चुनाव लड़ सकते हैं। वह अब तक के जिलाध्यक्षों में सबसे बेहतर जिलाध्यक्ष साबित हुए हैं।