जन्मदिन विशेष-अखिलेश ने घर पहुंचकर दी बधाई, पर शिवपाल नहीं पहुंचे।
औरैया. मुलायम सिंह यादव ने गुरुवार को अपना 80वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर अखिलेश तो नेताजी को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे लेकिन शिवपाल सिंह यादव नहीं आए। सपा से अलग होकर शिवपाल ने अपनी नई पार्टी बना ली है। मुलायम सिंह कभी शिवपाल के साथ तो कभी अपने बेटे अखिलेश के साथ नजर आ जाते हैं।
जानकारों की मानें तो सपा से भले ही शिवपाल अलग हो गए हैं। अखिलेश और शिवपाल में भले ही रार है, लेकिन मुलायम सिंह यादव जब भी चाहेंगे चुटकी में अखिलेश और शिवपाल को एक कर देंगे। जानकारों की मानें तो शिवपाल का सपा से अलग होकर कोई अस्तित्व नहीं रहेगा। जानकार बताते हैं कि सपा में टूट के कारण हो सकता है कि ऐसा किया गया हो कि शिवपाल पार्टी बनाएं और जो सपाई अखिलेश से नाराज हैं वे शिवपाल के साथ चले जाएंगे।
आज शिवपाल यादव जितना भी अपनी पार्टी को मजबूत कर लें, लेकिन हो सकता है कि नेताजी के कहने पर वे फिर से वापस सपा में आ जाएं।
लोकसभा चुनाव के बाद हो सकते हैं एक
राजनीति में कोई किसी का स्थाई दुश्मन नहीं होता। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद हो सकता है कि शिवपाल और अखिलेश एक हो जाएं। शिवपाल भी यह अच्छी तरह जानते हैं कि सपा के बाहर उनका कोई भविष्य नहीं है। वे सपा का ही वोट बांटेंगे।
दोनों पड़ सकते हैं नरम
समय के साथ चीजें बदलती हैं। हो सकता है कि समय के साथ अखिलेश और शिवपाल सिंह यादव एक हो जाएं। मुलायम सिंह यादव भले ही अखिलेश और शिवपाल के साथ अलग-अलग नजर आ जाते हैं, लेकिन उनके दिल में सपा के टूटने का दर्द तो है ही। वे तो यही चाहेंगे की बेटा अखिलेश और भाई शिवपाल दोनों एक हो जाएं। जानकार बतातें हैं कि यादव परिवार की ताकत एक साथ रहने में ही है। मुलायम की यह कोशिश होगी की वह दोनों को एक कर लें। यह तो तय है कि जब मुलायम सिंह चाहेंगे तो दोनों एक हो जाएंगे क्यों कि दोनों नेताजी की बड़ी इज्जत करते हैं।
मुलायम बोले-संकल्प करो कि किसी को नाराज़ नहीं करना है
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और अब संरक्षक मुलायम सिंह यादव गुरुवार को अपना 80वां जन्मदिन मनाया। शिवपाल और अखिलेश दोनों ही खेमें के कार्यकर्ताओं में मुलायम का आशीर्वाद लेने की होड़ मची रही। वहीं मुलायम सिंह यादव ने सपा दफ्तर में केक काटा। सपा नेताओं ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता भगवती सिंह व समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष किरनमय नंदा समेत अन्य नेताओं ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी।
सपा के प्रदेश कार्यालय पर मुलायम सिंह यादव ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा मेरे जन्मदिन पर संकल्प करो कि किसी को नाराज़ नहीं करना है और धर्म जाति के नाम पर भेदभाव नहीं करना है।। उन्होंने कहा कि हम सभी को आपसी भेदभाव दूर करके सपा को और मजबूत करना है। 4 बार मैनें सरकार मैंने बनाई, कुछ नेताओं ने अलग होकर पार्टी को कमज़ोर किया, आप सब पार्टी को मजबूत करो।