औरैया

उपचुनावों की समय सारिणी हुई जारी, जानिए नामांकन, मतदान व मतगणना की तारीख

लोकसभा चुनाव के बाद अब प्रदेश में उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। वर्ष के अंत में 12 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं।
2 min read
• •
Updated: 21 Jun 2019, 5:15 PM IST
Upchunav
Upchunav

लखनऊ. लोकसभा चुनाव के बाद अब प्रदेश में उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। वर्ष के अंत में 12 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। उससे पहले जुलाई में प्रदेश के नगर पालिका व नगर पंचायत की खाली सीटों पर उपचुनाव होंगे जिसकी तारीखों की घोषणा कर दी गई है। गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने उपचुनावों की समय सारिणी जारी कर दी है। जारी की गई सूची के अनुसार खाली सीटों के लिये नामांकन की प्रक्रिया 26 जून तक होगी। वहीं इसके बाद 13 जुलाई को मतदान होंगे। चुनाव के अंतिम नतीजों के लिए मतगणना 15 जुलाई को होगी।

ये भी पढ़ें- Lucknow Indira Canal Accident: 29 लोग थे सवार, 22 बचे, 7 मासूम बहे, 3 के निकाले गए शव, मचा कोहराम

इन सीटों पर होंगे चुनाव-
जिन नगर पालिकाओं की सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमें महोबा, सुल्तानपुर, उन्नाव, अयोध्या, अंबेडकर नगर, झांसी, श्रावस्ती, कानपुर देहात, शाहजहांपुर, बागपत भदोही, मिर्जापुर, बलिया की एक-एक सीट शामिल हैं।

सार्वजनिक अवकाशों पर खुले रहेंगे दफ्तर-
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी या इनके द्वारा घोषित रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अफसर उप चुनाव के कार्यक्रम का प्रचार प्रसार कराएंगे। इसके लिये सभी अधिकारी अपने कार्यालय व संबंधित नगरीय निकायों के मुख्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने बताया कि जारी की गई समय सारिणी के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों पर भी जो संबंधित दफ्तर हैं, वह खुले रहेंगे।

6 जुलाई को सुलतानपुर में ग्राम पंचायत उपचुनाव-
वहीं 6 जुलाई को सुलतानपुर के 12 विकास खंडों में पांच ग्राम प्रधान, तीन बीडीसी व 36 ग्राम पंचायत सदस्य के उपचुनाव होने है जिसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने 24 अधिकारियों को निर्वाचन अधिकारी व सहायक नियुक्त किया है। इसमें 12 अधिकारी निर्वाचन अधिकारी व 12 सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किए गए हैं। 11 अधिकारियों को रिजर्व में रखा गया है।

सुलतानपुर जिलाधिकारियों ने अधिकारियों को शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन पत्र 150, प्रधान व बीडीसी का नामांकन पत्र 300 रुपये में मिलेंगे। ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य की जमानत राशि के लिए दो हजार रुपया व ग्राम पंचायत सदस्य की जमानत राशि पांच सौ रुपया जमा करना होगा। चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य 10 हजार, बीडीसी व ग्राम प्रधान 75 हजार रुपया खर्च कर सकेंगे। उपचुुनाव की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन हर्षदेव पांडेय ने नामित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव को निष्पक्ष तरीके से निपटाने के निर्देश दिए।

Published on: