औरैया

12 सीटों पर उपचुनाव को लेकर शिवपाल सिंह यादव का रुख हुआ साफ, आया बड़ा बयान

शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी- लोहिया (प्रसपा) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा उपचुनाव लड़ने का फैसला किया है।

2 min read
Jul 10, 2019
shivpal

लखनऊ. शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी- लोहिया (प्रसपा) (Pragatisheel Samajwadi Party Lohia) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा उपचुनाव (Vidhan Sabha Upchunav) लड़ने का फैसला किया है। इससे पूर्व यह खबर थी कि वे उपचुनाव में भाग नहीं लेंगे बल्कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Vidhan Sabha Chunav) पर पूरा फोकस रखेंगे। शिवपाल यादव के इस फैसले से जहां प्रगतिशील समाजवादी पार्टी- लोहिया के नेता व कार्यकर्ता उत्साहित हैं वहीं विभिन्न दलों में हड़कंप मचना तय है। शिवपाल सिंह यादव ने उपचुनाव के लिए यूपी के विभन्न क्षेत्रों के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए एक महीने का सदस्यता अभियान शुरू किया है।

सपा के लिए बनेगी चुनौती-

शिवपाल के उपचुनाव को लेकर लिए गए फैसले से समाजवादी पार्टी (सपा) की चुनाव में आगे रहने की संभावनाओं में बाधा आ सकती है, जो उपचुनाव में सभी 12 विधानसभा क्षेत्रों में बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) और भारतीय जनता पार्टी (BHartiya Janta Party) का सामना करेगी। ज्ञात हो लोकसभा चुनावों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के चचेरे भाई अक्षय यादव (Akshay Yadav) अन्य पिछड़ी जाति के वोटों के विभाजन के कारण फिरोजाबाद सीट भाजपा के हाथों हार गए थे। भाजपा प्रत्याशी के अलावा इस सीट पर अक्षय की भिड़ंत अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव से भी हुई थी।

पार्टी प्रवक्ता ने दिया बड़ा बयान-

पार्टी प्रवक्ता अरविंद यादव ने इसको लेकर कहा है कि जो कार्यकर्ता उपचुनाव लड़ना चाहते हैं वे हमसे संपर्क कर रहे हैं। लेकिन जिन सीटों पर पार्टी उपचुनाव लड़ेगी उसका फैसला संसदीय बोर्ड करेगी। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को महीने भर के लिए चलने वाला सदस्यता अभियान समाप्त होगा, जिसके बाद बोर्ड सीटों की संख्या पर फैसला करेगा। सदस्यता अभियान ने पार्टी के जिले, मंडल इकाइयों और संगठनों को और मजबूत बनाने में मदद की। हम अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारने से पहले सभी 12 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी पार्टी की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना चाहते हैं। इससे पहले, शिवपाल ने कहा था कि पार्टी किसी भी परिस्थिति में विलय नहीं करेगी, लेकिन समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन कर सकती है।

अखिलेश से गठबंधन को तैयार शिवपाल-

वहीं प्रसपा प्रमुख ने समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर काफी सकारात्मक दिख रहे हैं। मंगलवार को एक बयान में उन्होंने साफ कहा है कि 2022 विधानसभा चुनाव में वे समाजवादी पार्टी से गठबंधन के लिए तैयार हैं, हालांकि सपा में दोबारा जाने का उनका कोई इरादा नहीं है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि यदि उपचुनाव में सपा गठबंधन की पेशकश करेगी, तो वो इसको मंजूर करेंगे।

Published on:
10 Jul 2019 10:09 pm
Also Read
View All