अयोध्या

Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट में बदली व्यवस्था, खर्चों की निगरानी के लिए दिल्ली से आई CA टीम

Ram Mandir CA Team: अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की नई व्यवस्था के तहत कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका ने खर्चों की निगरानी के लिए दिल्ली से CA टीम बुलाई है। नए CEO जितेंद्र मिश्रा ने भी जिम्मेदारी संभाल ली है।
2 min read
Sep 05, 2026
Ram Mandir
नए CEO जितेंद्र मिश्रा (IANS Photo)

Ram Mandir Trust: अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की जिम्मेदारियों में बदलाव के बाद अब कामकाज को लेकर नई व्यवस्था दिखाई देने लगी है। नए कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका ने राम मंदिर के कोष, आय और खर्चों की निगरानी के लिए दिल्ली से CA की टीम बुलाई है। वहीं नए CEO जितेंद्र मिश्रा ने भी जिम्मेदारी संभालकर ट्रस्ट के कामकाज को समझना शुरू कर दिया है। ट्रस्ट में बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच शुक्रवार को राम मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव भी मध्य रात्रि में छप्पन भोग के साथ मनाया जाएगा।

दिल्ली से आई CA टीम, अब होगी निगरानी

नए कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका ने ट्रस्टी बनने के बाद कामकाज को समझने के लिए पहले पूर्व ट्रस्ट महासचिव चंपत राय से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने सीईओ जितेंद्र मिश्रा और अन्य ट्रस्टियों के साथ बैठक की। ट्रस्ट में चढ़ावा चोरी का आरोप लगा था। ऐसे में नए कोषाध्यक्ष अब मंदिर के कोष और खर्चों को लेकर ज्यादा सतर्कता बरतना चाहते हैं। इसी के चलते वह अपने साथ दिल्ली से CA की टीम लेकर आए हैं। यह टीम राम मंदिर के कोष, आय और व्यय की निगरानी करेगी।

पहले की व्यवस्था भी जारी रहेगी

पूर्व कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद गिरि भी यहां के कोष, आय और खर्चों की जानकारी अपने CA के जरिए ही लेते थे। विवादों के दौरान वह कई बार इस व्यवस्था की जानकारी दे चुके हैं। अब नए कोषाध्यक्ष के CA पहले स्थानीय CA से राम मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय कामकाज की पूरी जानकारी लेंगे। इसके बाद नियमित अंतराल पर लेखा-जोखा लिया जाएगा। यह जानकारी कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका के साथ साझा की जाएगी।

नए CEO ने संभाला कामकाज

नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा भी गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और उन्होंने जिम्मेदारी संभालते ही ट्रस्ट के कामकाज को समझना शुरू कर दिया। उन्होंने ट्रस्टियों के साथ कई दौर की बैठक की। देर शाम तक ट्रस्टी उन्हें ट्रस्ट की मौजूदा व्यवस्था और कामकाज के बारे में जानकारी देते रहे।शुक्रवार से एक बार फिर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि ट्रस्ट में हुए बदलाव के बाद अब कामकाज को और गति देने पर जोर रहेगा।

रामलला के सामने होगा कृष्ण जन्मोत्सव

इधर, राम मंदिर परिसर में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी मनाने की भी पूरी तैयारी कर ली गई है। मध्य रात्रि में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान रामलला को छप्पन भोग लगाया जाएगा। धर्मसमिति के सदस्य और रामवल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने बताया कि भगवान के जन्म का उत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

Updated on:
05 Sept 2026 12:20 pm
Published on:
05 Sept 2026 12:07 pm