किशोरी से छेड़खानी के आरोपी की पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से गिरफ्तारी हुई है। आरोपी के पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
Azamgarh Crime News: आज़मगढ़ जिले में किशोरी से छेड़खानी के आरोपी की पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से गिरफ्तारी हुई है। आरोपी के पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम रौनापार थाना क्षेत्र में वादिनी की नाबालिग पुत्री बकरी चरा रही थी। इसी दौरान आरोपी छोटू पुत्र लौटन, निवासी रेलवे स्टेशन थाना सिधारी, ने किशोरी से छेड़खानी की और गाल व पीठ पर काट लिया। शोर मचाने पर वह फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस उप-महानिरीक्षक आज़मगढ़ के निर्देशन में गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी।
शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने रामजानकी मंदिर जोकहरा पुलिया के पास दबिश दी। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में छोटू के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मौके से तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी संकलित कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।