आजमगढ़

Azamgarh News: खौफनाक, मां बाप ने ही की बेटे की हत्या, पत्नी और बेटा घायल

मोहल्ला अमिलों में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि परिवार के ही सदस्यों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस घटना में युवक की पत्नी और उसका डेढ़ वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Jan 14, 2026

Azamgarh Murder : आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र से सटे मोहल्ला अमिलों में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि परिवार के ही सदस्यों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस घटना में युवक की पत्नी और उसका डेढ़ वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पूरे परिवार ने घर मे बंद करके पीटा


मृतक की पहचान मोहम्मद ताहिर (30) पुत्र हफीजुर्रहमान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे पारिवारिक कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि मां-पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर ताहिर को पकड़ लिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आई पत्नी शबाना बानो (27) और उनका डेढ़ साल का बेटा भी हमले की चपेट में आ गए।


घटना के बाद हमलावरों ने ताहिर को अधमरी हालत में घर के बाहर फेंक दिया। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मुबारकपुर अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात करीब तीन बजे चिकित्सकों ने मोहम्मद ताहिर को मृत घोषित कर दिया।

मृतक को पत्नी ने लगाए गम्भीर आरोप


मृतक की पत्नी शबाना बानो ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि घर के सभी लोगों ने एकजुट होकर उसके पति की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मुबारकपुर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Published on:
14 Jan 2026 02:25 pm
Also Read
View All

अगली खबर