
oplus_2
आजमगढ़ जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) उपेंद्र कुमार का शासन ने स्थानांतरण कर दिया है। उन्हें सहायक शिक्षा निदेशक (भवन), मुख्यालय प्रयागराज से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह श्रावस्ती के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार को आजमगढ़ का नया जिला विद्यालय निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि उपेंद्र कुमार पर एक शिक्षक से 25 लाख रुपये की अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा था। इस मामले को लेकर शिक्षक के बेटे और बेटियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। आरोप है कि डीआईओएस ने अपने बाबू मोइनुद्दीन के माध्यम से रिश्वत की रकम ली, जबकि बाद में 17 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग भी की जा रही थी।
प्रकरण सामने आने के बाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेजी। रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से कार्रवाई करते हुए उपेंद्र कुमार का तबादला कर दिया गया है।
इसके अलावा, यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में कथित मनमानी और अवैध वसूली की शिकायतें भी जिलाधिकारी को मिली थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने उपेंद्र कुमार को पहले ही परीक्षा से जुड़े कार्यों से अलग कर दिया था।
डीएम की कार्रवाई के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक मेडिकल अवकाश पर चले गए थे। बाद में शासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर उन्हें आजमगढ़ से हटाकर प्रयागराज से संबद्ध कर दिया गया।
शासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों में पारदर्शिता लाने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही नए जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की अपेक्षा की जा रही है।
Published on:
05 Feb 2026 10:27 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
