आजमगढ़ में अपने पिता पर सातवीं शादी करने का आरोप लगाते हुए नाबालिक बेटे ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने बताया है कि बेटे की तहरीर पर आगे की जांच की जा रही है और आरोपी पिता को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है...
आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिक बेटे ने अपने पिता के खिलाफ पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। नाबालिक बेटे का आरोप है कि उसके पिता 7वीं बार शादी करने जा रहे हैं, इससे पहले उन्होंने 6 शादियां कर रखी है। बेटे ने आरोप लगाया कि शादी के लिए पिता ने जमीन गिरवी रखकर 50 हजार रुपए भी उधार लिए हैं।
अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटे ने अपने पिता पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नाबालिक बेटे ने बताया कि वह 12वीं का छात्र है और मेहनत मजदूरी भी करता है, ताकि परिवार का भरण पोषण हो सके। छात्र ने आरोप लगाया कि उसके पिता 55 साल के हैं और पास के ही गांव में 7वीं बार शादी करने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 6 शादियां कर रखी हैं। छात्र के मुताबिक, वह अपने पिता की तीसरी पत्नी का संतान है।
पुलिस को दी गई तहरीर में छात्र ने बताया है कि 2024 में उसके पिता ने 6वीं शादी की थी और किसी बात को लेकर उसकी सौतेली मां और पिता में बहस हुई और सौतेली मां घर छोड़कर कहीं चली गई। इसके बाद पिता 7वीं शादी की फिराक में है। बेटे ने आरोप लगाया है कि पिता पुश्तैनी जमीन में से आधे से ज्यादा गिरवी रख चुके हैं और शादी करने के लिए फिर से जमीन गिरवी रखकर 50 हजार उधार ले लिया है।
थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया है कि छात्र ने थाने में तहरीर दी है। छात्र के पिता को भी थाने बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि छात्र ने अपने पिता पर उसे कमाने के लिए जबरदस्ती किए जाने का भी आरोप लगाया है।