बगरू

वृद्ध की मौत, पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार

पड़ौसियों ने दी पुलिस को सूचना, हत्या की आशंका
2 min read
• •
Updated: 23 Apr 2018, 6:18 PM IST
Elderly death, police stopped the last rites

चौमूं (जयपुर). थाना क्षेत्र के ग्राम हाड़ौता में वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाद में परिजन अंतिम संस्कार के लिए मृतक के शव को लेकर अपने गांव अणतपुरा की ढाणी बोड़ी ले गए और गुपचुप अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच हत्या की आशंका की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अजीतगढ़ पुलिस ने दाह संस्कार रुकवाया। मामला चौमूं थाना क्षेत्र का होने के कारण चौमूं से पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार ग्राम अणतपुरा की ढाणी बोडी निवासी पूरणमल कुमावत (60) पुत्र मनसाराम अपने परिवार के साथ चौमूं थाना क्षेत्र के ग्राम हाड़ौता में रहता था और यहीं मजदूरी करता था। शनिवार रात पूरणमल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह परिजन उसके शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए गांव अणतपुरा की ढाणी बोड़ी ले गए। जब दाह संस्कार के लिए परिजन शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे तो अजीतगढ़ पुलिस ने दाह संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लिया और बाबा नारायणदास राजकीय सामान्य चिकित्सालय अजीतगढ़ की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही मामला चौमूं पुलिस थाना क्षेत्र का होने के कारण इसकी सूचना चौमूं पुलिस को दी। जिस पर चौमूं पुलिस थाने से एसआई रामेश्वर लाल खोखरवहां पहुंचे और परिजनों से पूछताछ के बाद मामला संदिग्ध होने पर पोस्टमार्टम करवाया।

यह भी पढे :खाटू श्यामजी से अपहृत किशोरियां नांगल गोविन्द में मिली

आए दिन होता था परिवार में झगड़ा
मृतक के हाड़ौता स्थित निवास पर परिवार के सदस्यों के बीच आए दिन झगड़ा होता था। यह बात पुलिस की ओर से यहां निवास करने वाले लोगों से की गई पूछताछ में सामने आई।

यह भी पढे :प्रसूता व नवजात की मौत, परिजनों ने अस्पताल में मचाया हंगामा

परिजनों ने बताया हार्ट अटैक
इधर अजीतगढ़ अस्पताल में मृतक के परिजनों ने पुलिस पूछताछ में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया। परिजनों ने बताया कि शनिवार देर रात पूरणमल लघुशंका के लिए बाहर गए। लेकिन काफी देर तक नहीं लौटने पर बाहर जाकर देखा तो अचेत पड़े थे। परिजन पूरणमल को चौमूं के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहा, चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव ले आए।

यह भी पढे :कहीं सरकारी नल से खेती, तो कहीं गला तर करने को तरसे

शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। आंखों पर सूजन व नाक से खून निकला हुआ था। पेट के बांई ओर पीठ और कंधे पर भी चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस इनके आधार पर मौत को संदिग्ध मान रही है।

Published on: