
जोबनेर (जयपुर). नवरात्र के दौरान कस्बे की पहाड़ी पर स्थित ज्वाला माता के मेले में रोजाना भक्तों का रैला उमड़ रहा है। मार्ग में विभिन्न समाजों की ओर से यात्रियों के लिए भण्डारे लगाए गए हैं। जहां मनुहार व हाथ जोड़कर अनुनय-विनय के साथ भक्तों को भोजन कराया जा रहा है।
देशभर से मेले में पहुंचने वाले हजारों लोगों के लिए यूं तो आसपास और दूर-दराज के दर्जनों लोग सेवा करने में जुट जाते हैं, लेकिन इनमें एक परिवार ऐसा है जो पिछले 10 वर्ष से मेले के दौरान नि:शुल्क भण्डारे का आयोजन यात्रियों की सेवा कर रहा है। दिल्ली निवासी शिवचरण बसवाल परिवार के 25 अन्य सदस्यों के साथ हर बार नवरात्र के दौरान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को 9 दिन तक भोजन कराकर सेवा करते हैं। खास बात ये है कि इनका पूरा परिवार सुबह उठने से लेकर देर रात तक यात्रियों की सेवा में जुटा रहता है। चाहे वो 4 वर्षीय रणवीर हो या उम्र दराज महिला-पुरुष सदस्य। सबका काम बंटा है और हर व्यक्ति खुशी से कार्य में हाथ बंटाते हैं।
यह भी पढे :चित्रकला में दिखाया हुनर, बेटी बचाओ व स्वच्छता का दिया संदेश
हजारों को पंगत प्रसादी वितरित
रणवीर माइक पर लगातार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं से पूरे दिन भोजन के लिए मनुहार करता है। परिवार के छोटे-बड़े मिलकर श्रद्धालुओं को भोजन कराते हैं। इस कार्य में इनका पिछले 40 वर्ष से सहयोग कर रहे पार्षद गोपाल कुमावत ने बताया कि नवरात्र के दौरान लगभग 35 से 40 हजार लोगों को पंगत प्रसादी वितरित की जाती है।
यह भी पढे :बीसलपुर परियोजना: टंकी तैयार फिर भी नहीं मिला पानी
अन्य भंडारे में भी यात्रियों की सेवा
वहीं गुरुकृपा भण्डारे में भी श्रद्धालुओं को पंगत प्रसादी करवाई जा रही है। उम्मेदसिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष आपसी सहयोग से भण्डारे का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा कस्बे में रैगर, खटीक व कुमावत समाज की ओर से भी भण्डारों का आयोजन किया जाता है।