
चौमूं (जयपुर). एक दिन पहले बारिश से भीगी फसलों से गुस्साए किसान गुरुवार को चौमूं कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय का ताला लगाने पहुंच गए। आक्रोशित किसानों ने पहले तो व्यापारियों से प्लेटफार्म खाली करने को कहा, वहां से कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिलने पर किसान मंडी समिति कार्यालय पहुंचे। यहां वे ताला लगाने का प्रयास कर ही रहे थे कि मंडी सचिव की समझाइश पर वे रुक गए। इसके बाद व्यापारियों ने प्लेटफार्मों को दो दिन में खाली करने का लिखित में आश्वासन दिया। साथ ही मंडी सचिव ने भी दो दिन में प्लेटफार्म खाली नहीं होने पर प्रशासनिक कार्यवाही की बात कही।
सचिव ने कहा, कार्यवाही होगी
मंडी समिति सचिव के कक्ष में काफी देर वार्ता का दौर चला। यहां किसान प्लेटफार्म खाली करवाने की बात पर अड़ रहे। इस पर सचिव अमरचंद सैनी ने कहा कि अब न तो पल्लेदार मिलेंगे और ना ही तीनों प्लेटफार्मों में रखे व्यापारियों के सामान को अन्यत्र रखवाने की व्यवस्था हो पाएगी। ऐसे में इन्हें कल खाली करवा दिया जाएगा। सैनी ने कहा कि यदि शुक्रवार तक प्लेटफार्म खाली नहीं होते हैं, तो प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।
व्यापार मंडल ने मांगा दो दिन का समय
मामला बढ़ता देख मंडी के व्यापारियों ने किसानों से दो दिन का समय मांगा। नवीन मंडी व्यापार मंडल की ओर से व्यापारी संतोष अग्रवाल ने लिखित में कहा कि 14 अप्रेल को सुबह 10 बजे से पहले कृषक सभी प्लेटफार्म को खाली करवा देंगे। नियत समय पर प्लेटफार्म खाली नहीं होते हैं, तो मंडी प्रशासन यहां रखे माल को जब्त कर सकता है। इसके बाद किसानों ने भी प्लेटफार्म खाली नहीं होने पर अग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
भारतीय किसान संघ ने दिया ज्ञापन
किसान प्लेटफार्म को खाली करवाने को लेकर भारतीय किसान संघ भी आज किसानों के साथ आ गया। संघ की ओर से कृषि उपज मंडी समिति के सचिव को ज्ञापन दिया गया। संघ के जिला महामंत्री मुरलीधर बर्रा और युवा प्रमुख लोकेश कुमार पारीक ने न बताया कि ज्ञापन में किसान प्लेटफार्म को 13 अप्रेल की शाम तक खाली करवाने की मांग की गई है।
एसएचओ ने भी की थी समझाइश
एक दिन पूर्व मंडी में बारिश से भीगे जीसों के कारण हंगामा हुआ। हंगामा इतना हुआ कि किसानों से प्लेटफार्म पर अवैध रूप से रखी व्यापारियों की अनाज आदि से भरी बोरियों को बाहर फैंकना शुरू कर दिया था। मामला बढ़ा तो कृषि मंडी समिति सचिव को पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद एसएचओ जितेन्द्र सिंह सोलंकी खुद मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाया।