— पुलिस चौकी के पास की घटना- हत्या की आशंका- एक साल के दौरान मिल चुके दो शव
रेनवाल मांजी. जयपुर-भीलवाडा मेगा हाइवे टीलावाला पुलिस चौकी के पास मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से टीलावाला गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाइवे टीलावाला पुलिस चौकी से मात्र पांच सौ मीटर की दूर पर एक खेत में शव दिखा तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना टीलावाला पुलिस चौकी पर दी। इस पर मौके पर पहुंचे मुहाना थाने के एएसआई सीताराम ने घटना स्थला का जायजा लिया। शव के पास पड़े एक काले बैग को पुलिस ने खोलकर देखा तो बैग में मृतक के दो आईडी कार्ड व दो जोड़ी कपड़े व विषाक्त पदार्थ की पांच पुडिया मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक युवक ने शराब पी रखी थी। वहीं पुलिस को विषाक्त की पांच पुडियों में से एक फटी हुई मिली। पुलिस ने शव के आस-पास पुडिया नहीं मिली। आधार कार्ड के अनुसार मृतक की पहचान प्रदीप सैनी (33) पुत्र किशन सैनी 133 कायस्थवाडा, सिकंदराबाद, बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
जुट गई भीड़
शव को देखने के लिए जयपुर-भीलवाडा मेगा हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों की भीड़ जुट गई। खेत में पड़े शव के मुंह व आंखों को कीड़ों द्वारा काटने से अनेक जगह से रक्त निकल रहा था। रेनवाल मांजी टोलप्लाजा की एम्बुलैंस से शव को सांगानेर के महात्मा गांधी अस्पताल में पहुंचाया गया।
आश्ंाका जताई
शव का मुआयना करने के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि बदमाशों ने वारदात को दूसरी जगह अंजाम दिया हो और शव को यहां पटक गए हों। वहीं जांच अब इस बात पर टिकी है कि आखिर यूपी का व्यक्ति यहां तक क्यो पहुंचा।
अब तक मिल चुके चार शव
ग्रामीणों ने बताया कि टीलावाला व रेनवाल मांजी के रोहिणी नगर में सुनसान जगह देखकर बदमाश अब तक चार युवकों के शवों को पटककर फरार हो गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस की नफरी की कमी से ऐसी घटनाएं यहां आए दिन देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि टीलावाला पुलिस चौकी भी एक पुलिसकर्मी के भरोसे चल रही हैं। जिसके चलते बदमाश राजधानी में वारदातों को अंजाम देकर आसानी से जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाइवे से गुजर जाते है।
इनका कहना है...
- पोस्टमार्टन की रिपोर्ट आने के बाद ही मालूम चल पाएगा की युवक की मौत किस तरह हुई है।
राजेशकुमार, प्रभारी
पुलिस थाना, मुहाना