
चौमूं/सामोद (जयपुर). सामोद थाना क्षेत्र के हाथनौदा गांव के माताजी के मंदिर के पीछे बुधवार रात को चोर एक मकान के कमरे की खिड़की तोड़कर घुसे और लाखों रुपए की नकदी व जेवर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जाग होने पर चोरी का पता चला। सूचना पर सरपंच कैलाश सैनी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल की टीम बुलाई गई। इस संबंध में रतनजाल जाट ने थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि हाथनौदा गांव में बंशीधर जाट का परिवार मकान में सो रहा था। एक कमरा था, जिसमें कीमती सामान एवं अन्य सामान रखा हुआ था। रात को इस कमरे में पीछे लगी खिड़की को उखाड़कर चोर अंदर घुस गए। कमरे के दरवाजे की कुंदी को बंद कर दिया। गुरुवार सुबह इस कमरे में झाडू लगाने के लिए परिवार की महिला ने दरवाजा खोलना चाहा तो खुला नहीं। कमरे के पीछे जाकर देखा तो खिड़की गायब मिली और कमरे में सामान बिखरा मिला। इसे देखकर परिवार के होश उड़ गए। आस-पास के लोगों समेत हाथनौदा सरपंच कैलाश सैनी को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। एफएसएल की टीम ने साक्ष्य भी उठाए। आस-पास की जगह भी देखी गई, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। सरपंच सैनी ने बताया कि चोर कमरे में लगी सैक्शन विंडो खिड़की तक ले गए। इस संबंध में हाथनौदा निवासी रतनलाल पुत्र बंधीशर ने दर्ज मामले में बताया है कि चोर कमरे में 20 हजार रुपए की नकदी एवं लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर, घी, कपड़े समेत अन्य सामान ले गए।
ये है चर्चा....
सरपंच ने बताया कि पूर्व में इस कमरे में बंशी के पिता रहते थे, लेकिन उनकी मृत्यु हो जाने के बाद से इस कमरे में कोई नहीं सोता था, लेकिन परिवार के जेवर व नकदी एवं अन्य सामान इसी कमरे में रखा जाता था। चोरों ने इसी कमरे को निशाना बनाया। चर्चा ये है कि चोरों को कैसे पता चला कि इस कमरे में कोई नहीं सोता। ऐसे में माना जा सकता है कि या तो चोरों ने पहले जानकारी ली या किसी आस-पास के व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जो परिवार की स्थिति को अच्छे से जानता होगा।