
चौमूं (जयपुर)। चौमूं थाना क्षेत्र में शुक्रवार को चोरों ने एक लिमिटेड फाइनेंस कंपनी के ऑफिस को निशाना बनाया, लेकिन कैश ले जाने में सफल नहीं हो पाए। चोर कंपनी के ऑफिस में रखी तिजोरी को सुनसान स्थान पर ले गए, लेकिन उसे तोड़ नहीं पाए। ऐसे में तिजोरी वहीं छोड़ भाग निकले। साथ ही ऑफिस के सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर को तोड़ गए और काउंटर पर रखी चेक बुक को जला कर राख कर गए। एसआई रिछपाल ने बताया कि मगध नगर स्थित एक कॉम्पलेक्स में संचालित हिन्दूजा लेय्लैंड फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के ऑफिस के पास ही आते-जाते कुछ लोगों ने तिजोरी पड़ी देखी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा, तो तिजोरी फाइनेंस कंपनी की लगी और कंपनी के ऑफिस के भी ताले टूटे हुए थे। वहीं इस पर पुलिस ने तुरंत फाइनेंस ऑफिस के संचालक बाबूलाल यादव को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही ऑफिस का स्टाफ और थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी वहां पहुंच गए। पुलिस ने ऑफिस के अंदर जाकर देखा, तो वहीं कई कागजात, दस्तावेज और अन्य सामान जला हुआ पड़ा मिला। साथ ही ऑफिस में लगे सीसीटीवी डीवीआर भी टूटे मिले। कई चैक बुक और ग्राहकों के जमा किए चेक भी जले मिले।
यह भी पढे :डम्पर की टक्कर से कार सवार युवक की मौत
नहीं टूटी तिजोरी, तो बचा कैश
पुलिस ने बताया कि अज्ञात चोरों ने संभवतया ऑफिस में रखी तिजोरी को तोडऩे का प्रयास किया, जब वो नहीं टूटी उसे उठाकर ऑफिस से लगभग 200 मीटर दूर सुनसान स्थान पर ले गए। फिर वहां तिजोरी को तोडऩे लगे। तिजोरी नहीं टूटी, तो उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। साथ ही कई भरे हुए चैक भी तिजोरी के साथ ले गए, तो वहीं सुनसान स्थान पर पड़े मिले हैं। साथ ही ऑफिस का मुआयना किया तो देखा कि चोरों ने सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलें, इसलिए सीसीटीवी डीवीआर को भी तोड़ दिया। साथ ही जरूरी दस्तावेजों को भी नहीं बख्शा।
यह भी पढे :चौमूं में तनाव बरकरार, स्पेशल टास्क फोर्स ने संभाला मोर्चा
तिजोरी में था लाखों का कैश
संचालक बाबूलाल ने बताया कि उन्हें सुबह लगभग 9 बजे पुलिस ने ऑफिस का ताला टूटा होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिजोरी में 5 लाख 20 हजार रुपए का कैश भी रखा हुआ है। तिजोरी इतनी भारी है कि इसे दो-तीन लोग आसानी से नहीं उठा सकते। इसलिए इसे चार से पांच चोरों ने उठाया होगा। बाबूलाल ने बताया कि चोरों ने ऑफिस में रखे काफी जरूरी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया है। कई बैंकों की चेक बुक और ग्राहकों के चेक भी जला दिए हैं।