
गोविन्दगढ़ (जयपुर). जैसे-जैसे गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। वैसे ही ग्रामीण क्षेत्र मेें पानी के लिए हाहाकार मचने लगा है। स्थिति यह है कि कई गांवों में तो गला तर करने के लिए भी पानी नहीं है और कहीं नल के पानी से खेती की जा रही है। इसके बावजूद जिम्मेदारों की अभी तक नींद नहीं टूटी है। ऐसा ही मामला कस्बे मेें देखने को मिला है। जलदाय विभाग के अधिकारियों की लापरवाही चलते जहां एक तरफ नलों के पानी से खेती की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में कई बार जिम्मेदारों को अवगत भी करवा चुके है, कोई निराकरण नहीं निकल रहा है। कई प्लाट तो ऐसे है जिनमें मकान भी नहीं बना हुआ है, इसके बावजूद विभाग ने नल कनेक्शन जारी कर दिए। वहीं कस्बे के अधिकांश मोहल्लों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोग निजी खर्चे पर टैंकर डलवा रहे हैं। चौंकाने वाली बात तो यह है कि विभाग के अधिकारी लिखित में शिकायत देने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे है।
पानी के जुगाड़ मेें बीत जाता दिन
कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में रहने वाली नाथी देवी, सुशीला, मंजू, शांति, विमला सहित कई महिलाओं ने बताया कि यहां पिछले दो माह से नलों में सुचारू रूप से पानी नहीं आ रहा है। ऐसे मेें पानी के लिए जुगाड़ करते हुए पूरा दिन बीत जाता है। कई बार तो मजबूर होकर निजी खर्च पर टैंकर मंगवाना पड़ता हैं।
10 फीट का गड्ढा, फिर भी पानी नहीं
यहां बड़ी गुवाड़ी, पंचवटी, खादी आश्रम, कायथ मोहल्ला, बुनकर मोहल्ला, बस स्टैण्ड़ के समीप, ढाकरवाली, पुराना बस स्टैण्ड, वार्ड नम्बर 11 सहित कई मोहल्लों में पेयजल समस्या अधिक है। ग्रामीणों ने पानी के लिए घरों के सामने 10 फीट का गड्ढा खोद रखा है। इसके बावजूद यहां पानी नसीब नहीं हो पा रहा है। लोगों को खेतों में लगे बोरिंग या अन्य तरीके से पानी का जुगाड़ करना पड़ता हैं।
5-10 मिनट आता पानी
पूर्व सरपंच नाथूलाल योगी, वार्ड पंच सुशील बोहरा, सुखदेव, भगवान सहाय, राजू, विनोद आदि ने बताया कि विभाग के कर्मचारी सही तरीके से सप्लाई नहीं खोलते है। यहां महज 5 से 10 मिनट भी पानी नहीं आ रहा है। कई मोहल्लों में तो आपूर्ति हीं नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।