राशि के अभाव में थमे शौचालय निर्माण

शौचालयों के निर्माण कार्य में निर्माण एजेंसियां पंचायतें भी बेजा लापरवाही बरत रही है और ऐसी शिकायतें आए दिन सामने भी आ रही है।

2 min read
Jan 24, 2016
Feature image

कटंगी.
जनपद पंचायत कटंगी में शौचालयों के निर्माण की रफ्तार सरकारी राशि नहीं मिलने की वजह से एक बार फिर से थम गई है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक क्षेत्र की सभी पंचायतों में 5 हजार शौचालयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। राशि के अभाव में अभी महज 3 हजार शौचालयों के निर्माण कार्य ही प्रगतिरत् है।

जानकारी अनुसार शौचालयों के निर्माण कार्य में निर्माण एजेंसियां पंचायतें भी बेजा लापरवाही बरत रही है और ऐसी शिकायतें आए दिन सामने भी आ रही है। हालांकि जिम्मेदार बीते कुछ महिनों से शौचालय निर्माण के लिए राशि नहीं होने कारण बता रहे हैं। इस कारण कार्य मंद गति से चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने किया लक्ष्य निर्धारित

उल्लेखनीय है कि खुले में शौच जैसी कुप्रथा से लोगों को निजात दिलाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। जिसके चलते उन्होंने वर्ष 2019 तक हर घर में शौचालय उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है तथा स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की है।

मात्र 6 पंचायतें निर्मल ग्राम

कटंगी जनपद क्षेत्र की 81 ग्राम पंचायतों में मात्र 6 पंचायतों को ही निर्मल पंचायत का दर्जा मिल पाया है। जिन पंचायतों को निर्मल ग्राम का दर्जा प्राप्त है, उनमें सिगोड़ी, पाथरवाड़ा, उमरी, टेकाड़ी म., सावंगी, चिचगांव शामिल है। लेकिन जानकारी यह आ रही है कि इन गांवों में भी शौचालयों की स्थिति उतनी अच्छी नहीं है। जबकि स्वच्छ भारत अभियान के तहत गत वर्ष ग्राम पंचायत सीताखोह को निर्मल ग्राम पंचातय बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

कहीं दीवार तो कहीं मात्र सीट लगी

5 हजार शौचालयों के आकड़ों के बाद जब इनके निर्माण की रिपोर्ट ली गई तो देखा गया कि अधिकांश शौचालयों के निर्माण कार्य अब तक चालू नहीं हुए हैं। वहीं विभागीय रिपोर्ट के अनुसार 3214 शौचालयों के निर्माण कार्य प्रगतिरत् है। शौचालय निर्माण की पड़ताल करने में देखा गया कि शौचालयों के निर्माण के नाम पर अभी तक कई जगहों पर सिर्फ दीवारें खड़ी हैं, तो उनमें दरवाजे नहीं है। कई शौचालयों में सीट तक नहीं लगाई गई है।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़े शौचालय

शौचालय निर्माण कार्य में भारी भष्ट्राचार किए जाने की खबरे भी आ रही है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर से सटी ग्राम पंचायत पाथरवाड़ा में कई फर्जी शौचालयों को दर्शाकर राशि का गलत तरीके से आहरण कर लिया गया है।

इस बात का खुलासा ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच में हुआ है। जानकार बताते हंै कि शौचालय निर्माण में और भी कुछ पंचायतों ने बड़़ी धांधली की है।

इनका कहना है

शौचालयों के निर्माण कार्य लगातार प्रगतिरत् है। शीघ्र ही पूरे भी कर लिए जाएंगे। हमें अभी तक राशि नहीं मिलने की कोई शिकायत नहीं मिली है।

यूएल मरकाम

सीईओ जनपद पंचायत कटंगी
Published on:
24 Jan 2016 08:09 am