क्रांतिकारी पार्टी का काली पुतली चौक पर धरना-प्रदर्शन
बालाघाट. शहर में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। नगर पालिका प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है। फिल्टर प्लांट के कर्मचारियों को मालूम नहीं है कि पानी में कितना क्लोरिन, एलम, फिटकरी, फ्लोरीन आदि का प्रयोग करना है। यह पानी पीकर लोग बीमार हो रहे हैं। यह बात क्रांतिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कंकर मुंजारे ने कही। वे सोमवार को काली पुतली चौक पर आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नपा में लाखों रुपए का डीजल घोटाला हुआ। नपा अध्यक्ष के वाहन का टैंक 45 लीटर का है जबकि उसमें 75 लीटर तक डीजल भरा गया है। 19 लाख रुपए महीने का डीजल खर्च नपा करती थी। इसे तत्कालीन सीएमओ निशांत श्रीवास्तव ने पकड़ा तो आठ लाख रुपए महीने की खपत आ गई। राजा लिल्हारे ने कहा कि हवा-पानी पर सबका अधिकार है। शुद्ध हवा-पानी के लिए सबको आगे आना चाहिए।
नपा कार्यालय के सामने खड़े कर दिए टैंकर
क्रांतिकारी पार्टी के धरना-प्रदर्शन की जानकारी पर नपा कार्यालय के सामने सोमवार को सुबह से ही पानी का टैंकर खड़े कर दिए गए थे। इससे धरना-प्रदर्शन का स्थान बदलना पड़ा। इसको लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश था। उनका कहना था कि नपा प्रशासन ने डरकर यह कदम उठाया है।
मैंने पकड़ा था डीजल में गड़बड़ी :
भारती नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरतीत ठाकुर ने कहा कि पानी को लेकर टीम काम कर रही है, जहां से शिकायत आ रही है। उसे सही कराते हैं। फिल्टर प्लांट पर अनुभवी कर्मचारी है। पानी की जांच नियमित होती है। जिला अस्पताल से भी पूछा जाता है कि पानी से बीमार होकर तो कोई नहीं आ रहा है। डीजल घोटाला के आरोप पर कहा कि जब मैं अध्यक्ष बनी तो मैंने ही अधिक खपत के मामले को पकड़ा था और इस पर रोक लगवाई। मेरे वाहन का टैंक 55 लीटर का है। मैं केवल नगर भ्रमण के लिए डीजल नपा से लेती हूं। नपा कार्यालय के सामने सडक़ को धरना स्थल न बनाया जाए। इसलिए वहां टैंकर खड़े करवाएं थे। कलेक्टर व एसडीएम से भी इसकी शिकायत की जाएगी ताकि भविष्य में भी वहां किसी का प्रदर्शन न हो।