बलिया

Ballia News: दादी की जान बचाने के लिए 11 साल के मासूम ने दी जान, गांव गमगीन

दादी को सांप से बचाने की कोशिश में 11 वर्षीय मासूम अनुज राजभर की मौत हो गई। बच्चे की बहादुरी से जहां पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है, वहीं उसकी असमय मौत से हर कोई गमगीन है।

less than 1 minute read
Aug 19, 2025
Ballia news, pic- सोशल मीडिया

Ballia news: बलिया जिले के कोतवाली क्षेत्र के दराव गांव में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। अपनी दादी को सांप से बचाने की कोशिश में 11 वर्षीय मासूम अनुज राजभर की मौत हो गई। बच्चे की बहादुरी से जहां पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है, वहीं उसकी असमय मौत से हर कोई गमगीन है।

जानकारी के अनुसार, अनुज राजभर अपने पिता बालखंडी और दादी के साथ चौकी पर सोया हुआ था। रात करीब 11 बजे उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि दादी के पेट पर सांप बैठा हुआ है। साहस दिखाते हुए अनुज ने बिना देर किए सांप को हटाने की कोशिश की। इसी दौरान सांप ने उसे डंस लिया।

परिजनों की मदद से उसे तत्काल बांसडीह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही अनुज की मौत हो गई। मरने से पहले उसने परिजनों से कहा कि उसने दादी को बचाने के लिए ही सांप से मुकाबला किया था।

अनुज अपने पिता का सबसे छोटा बेटा था और पढ़ाई में काफी होशियार माना जाता था। उसकी असाधारण बहादुरी की चर्चा पूरे गांव में हो रही है। लोग उसकी हिम्मत को सलाम कर रहे हैं, लेकिन उसकी मौत से माहौल शोकाकुल है।

गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में सांप से बचाव और उपचार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही अस्पतालों में एंटी-वेनम की उपलब्धता और प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों को बेहतर सुविधा से लैस किया जाए।

Also Read
View All