Ballia News: जिले के अवराई कला गांव के पास रेलवे पुल संख्या 55 के समीप रेल सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। चकरा और किडहिरापुर रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरी से बड़ी संख्या में पेंड्राल क्लिप हटे पाए गए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। हालांकि समय रहते […]
Ballia News: जिले के अवराई कला गांव के पास रेलवे पुल संख्या 55 के समीप रेल सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। चकरा और किडहिरापुर रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरी से बड़ी संख्या में पेंड्राल क्लिप हटे पाए गए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
हालांकि समय रहते सतर्कता बरतने से दुर्घटना टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी–गोरखपुर रेल मार्ग पर स्थित उक्त स्थान पर रेल पटरी से कुल 71 क्लिप निकली हुई मिलीं। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान कई यात्री ट्रेनें उस मार्ग से गुजर चुकी थीं, लेकिन किसी भी लोको पायलट को पटरी की स्थिति की जानकारी नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि एक स्थानीय ग्रामीण की नजर पटरी से हटाई गई क्लिपों पर पड़ी। उसने तुरंत पास के रेलवे क्रॉसिंग गेटमैन को इसकी सूचना दी। गेटमैन ने बिना देर किए किडहिरापुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तत्काल मौके पर पहुंचकर पटरी की मरम्मत कराई गई।
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि चकरा और किडहिरापुर स्टेशन के बीच रेल पटरी से क्लिप हटाने की सूचना मिली थी। मामले की जांच रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, आरपीएफ के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कितनी क्लिप हटाई गई थीं और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया।