बलिया

पवन सिंह ने परिवार और खानदान से तोड़ा रिश्ता, मां और बड़े भाई को लेकर कही ये बात; जानिए ज्योति सिंह से तलाक का पूरा मामला

भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह ने अपने परिवार और खानदान से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 3:03 PM IST
Pawan Singh In Rise And Fall 2
पवन सिंह (फोटो सोर्स- IMDb)

भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह ने अपने परिवार और खानदान से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर मां और बड़े भाई की तस्वीर साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने कहा कि बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद वह यह फैसला लेने के लिए मजबूर हुए हैं। हालांकि, परिवार में ऐसा क्या हुआ, जिसकी वजह से पवन सिंह को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा, इसका खुलासा उन्होंने पोस्ट में नहीं किया है।

पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी, सब वेद-शास्त्र भुला जालें आदमी... बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होकर पोस्ट कर रहा हूं। आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़कर क्षमा चाहता हूं और बता रहा हूं कि मेरा मेरे पूरे परिवार और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है।'

उन्होंने आगे लिखा कि जिसने उन्हें जन्म दिया, यानी उनकी मां और उनके सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए उनकी जान हमेशा हाजिर रहेगी। पोस्ट के अंत में उन्होंने खुद को भोजपुरिया समाज के परिवार का एक छोटा सदस्य बताया।

दूसरी पत्नी ज्योति सिंह से तलाक का मामला अदालत में

पवन सिंह की निजी जिंदगी भी लंबे समय से सुर्खियों में रही है। उनकी पहली शादी साल 2014 में नीलम सिंह से हुई थी। हालांकि, शादी के करीब एक साल बाद नीलम की मौत हो गई। इसके बाद 6 मार्च 2018 को पवन सिंह ने उत्तर प्रदेश के बलिया में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की।

शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी। ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उन्होंने दो बार गर्भपात कराने का आरोप भी लगाया। हालांकि, पवन सिंह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।

अप्रैल 2022 में ज्योति सिंह ने तलाक के लिए अदालत का रुख किया। इसके बाद पवन सिंह ने भी आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की। दोनों के बीच रिश्ते सुधारने और सुलह कराने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।

Updated on:
29 Nov 2026, 3:03 PM IST
Published on: