14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ballia DJ Baby Death:बेटी के साथ मायके आई थी मां, 20 दिन बाद सूनी हो गई गोद, एक माह की बच्ची की मौत

Ballia DJ Baby Death: मनियर के मुड़ियारी गांव में जुलूस के दौरान मां की गोद में एक माह की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डीजे की आवाज वजह बनी। पुलिस ने डीजे जब्त किया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बलिया

•

image

Aman Pandey

•

Updated: 14 Nov 2026, 8:40 AM IST

Ballia news

बलिया में बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने डीजे को जब्त किया है।

मनियर के मुड़ियारी गांव में शुक्रवार दोपहर लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक माह की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डीजे की तेज आवाज और कंपन के कारण बच्ची की जान गई। पुलिस ने डीजे को कब्जे में ले लिया है और ऑपरेटर को हिरासत में लेकर थाने ले गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे दक्षिण टोला स्थित बिंद बस्ती से प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला था। उस समय गांव के गोरख गोंड की विवाहित बेटी रीमा एक माह की बच्ची को गोद में लिए घर के दरवाजे पर खड़ी थीं। जुलूस में बज रहे डीजे की आवाज काफी तेज थी। इसी दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर नजदीकी चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

रीमा करीब 20 दिन पहले ही बच्ची के साथ मायके आई थीं। बेटी की मौत के बाद से वह बेसुध हैं और परिवार में कोहराम मचा है।

बिना अनुमति निकाला गया था जुलूस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस्ती में लक्ष्मी प्रतिमा की स्थापना की गई थी, लेकिन विसर्जन जुलूस निकालने और डीजे बजाने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने डीजे को कब्जे में लिया।

प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश चंद यादव ने बताया कि बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ध्वनि सीमा को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद गांव में जुलूसों और धार्मिक आयोजनों में डीजे की आवाज को लेकर चर्चा तेज है। ग्रामीणों का कहना है कि नवजात, बीमार और बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए आवाज की तय सीमा का पालन कराया जाना चाहिए। नियमों के तहत डीजे और लाउडस्पीकर के लिए ध्वनि सीमा निर्धारित है और इनके उपयोग के लिए अनुमति आवश्यक होती है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।