बलोदा बाज़ार

Chhattisgarh Bus Accident: घर पहुंचने से पहले ही रुक गई सांसे, बस हादसे ने ली 3 की जान, 10 लोग घायल

Chhattisgarh Bus Accident: बलौदाबाजार में दरचुरा के पास यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौत और 10 के घायल होने की सूचना है।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 10:28 AM IST
Chhattisgarh Bus Accident
खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस (photo Patrika)

Bus Accident: बिलासपुर से रायपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 8 से 10 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के समय बस में कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कुछ घायल यात्री बस के अंदर ही फंस गए, जिन्हें गैस कटर की मदद से बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा है।

बस में सवार थे 22 यात्री तीन की मौत

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय यात्री बस में कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत होने की प्रारंभिक पुष्टि हुई है। वहीं, 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। मृतकों की पहचान से संबंधित जानकारी अभी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

खराब ट्रक के पीछे से टकराई बस

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक खराब हो गया था। ट्रक के आसपास सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस ट्रक से टकरा गई। प्रथम दृष्टया दुर्घटना खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से बस की टक्कर के कारण हुई है। हालांकि, बस की गति, चालक की स्थिति और दुर्घटना के अन्य कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है

अंबिकापुर से रायपुर आ रही थी यात्री बस

दुर्घटनाग्रस्त बस रॉयल कंपनी की बताई गई है। बस का पंजीयन क्रमांक CG04 NM 0859 है। यह बस अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सोमवार तड़के ग्राम दरचुरा के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में घायल यात्रियों को सिमगा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

गैस कटर से निकाले गए बस में फंसे यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टक्कर के बाद कुछ घायल यात्री बस में फंस गए थे। उन्हें गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल सिमगा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Updated on:
26 Oct 2026, 10:28 AM IST
Published on: