
बलौदाबाजार/पलारी. अपनी दादी को खाना खिलाने के बाद अचानक भारती साहू को क्या सुझा कि फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि वह बीएससी फाइनल की छात्रा थी। शादी के लिए उसे लड़के पक्ष वाले देखने आने वाले थे।
पुलिस के अनुसार यह घटना गुरूवार को सुबह करीब साढ़े 9 बजे की है। गुरूर थानांतर्गत ग्राम सनौद निवासी लिखन साहू अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर किसी काम से गया हुआ था। उसने बेटी भारती साहू (20) को जाते-जाते अपनी मां को खाना देने के लिए कहा। जब दादी खाना खा चुकी, तो वह अपने कमरे में चली गई और दीवान पलंग पर प्लास्टिक चेयर रखकर फांसी में झूल गई। उधर, घटना की खबर पाकर कंवर चौकी प्रभारी पारख साहू दलबल के साथ वहां पहुंचा और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी की चल रही थी बात
मृतक भारती साहू की शादी की बात चल रही थी । उसे आज लड़के पक्ष वाले देखने आने वाले थे। लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर लेने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया। मृतक इस साल अपनी बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस इस घटना को प्यार में पड़कर फांसी लगाने के नजरिए से भी देख रही है। हालांकि अभी पुलिस ने कुछ भी खुलासा नहीं किया है। मृतक की सहेलियों से पूछताछ कर रही है। उसके कमरे से कुछ भी सुसाइड नोट नहीं मिला है।