
भाटापारा. अब कोई भी व्यक्ति अपने नाम का गैस कनेक्शन आपसी सहमति से एक दूसरे के नाम में ट्रांसफर कर सकते हैं। हाल ही में पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी गैस कनेक्शन के ट्रांसफर के नियम में संशोधन कर दिया है। गैस एजेंसियों में पहले ये सुविधा नहीं थी। केवल अपने संबंधी और परिचितों के नाम ही गैस कनेक्शन ट्रांसफर कराया जा सकता था। जबकि उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शनों को ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा।
यह नियम केवल सामान्य गैस कनेक्शनों पर ही लागू होगा। अगर उसे कनेक्शन की जरूरत नहीं है, तो इसके लिए उसे बकायदा शपथ पत्र देकर इसे प्रमाणित भी करना होगा। वह किन वजहों से अपना कनेक्शन दूसरे को ट्रांसफर करना चाहता है। गैस कनेक्शन ट्रांसफर के बाद पूर्व मे जमा सिक्योरिटी राशि वर्तमान कनेक्शन सिक्योरिटी राशि के बीच के अंतर की राशि गैस एजेंसी पर जमा करानी होगी। प्रक्रिया पूरी हुए बिना गैस कनेक्शन का ट्रांसफर नहीं हो सकेगा।
नियमों में बदलाव इसलिए किया गया क्योंकि डीबीटीएल के वास्तविक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके। क्योंकि शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग ऐेसे है, जो दूसरे लोगों के कनेक्शन पर अपने घर की रसोई सुलगाते थे। नई व्यवस्था के तहत अब कोई भी व्यक्ति अपना गैस कनेक्शन दूसरे के नाम ट्रांसफर करा सकते हैं। इसके लिए दोनों को एजेंसी पर शपथ पत्र के साथ डिफरेंस राशि जमा करानी होगी। जांच पड़ताल के बाद गैस कनेक्शन ट्रांसफर हो सकेगा।
डीबीटीएल योजना शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं के खाते में राशि जमा होनी शुरू हो गई है। शहर में संचालित हो रहे गैस एजेसियों पर लिंकअप उपभोक्ताओं को ही इसका लाभ मिल रहा है। जो डीबीटीएल से नहीं जुड पाए हैं, उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्हें सिलेण्डर के लिए पूरी कीमत चुकानी पड़ रही है। चूंकि सब्सिडी वास्तविक कनेक्शनधारी के खाते में ही जाएगी। इसलिए अब गैस कनेक्शन वास्तविक नाम पर ट्रांसफर कराए जा रहे हैं।
भाटापारा में एचपी गैस एजेंसी के संचालक गोपाल प्रसाद देवांगन बजरंग ने बताया कि नए नियम के तहत कोई भी उपभोक्ता गैस कनेक्शन आपसी सहमति से किसी भी के नाम ट्रांसफर करा सकतें हैं। इसके लिए शपथ पत्र देना होगा। महत्वपूर्ण यह है कि उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन को उपभोक्ता ट्रांसफर नहीं करा सकेंगे। यह नियम केवल सामान्य कनेक्शन के लिए ही लागू है।