
मैनपुर. छत्तीसगढ़ के मैनपुर में एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर मछली मारने के तीर से जानलेवा हमला कर दिया है। घायल युवक को तीन दिन बाद मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां प्रारंभिक उपचार को बाद घायल युवक को जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व तहसील मुख्यालय मैनपुर से 30 किलोमीटर दूर सिकासार जलाशय में मछली मारने के बाद शाम घर लौटने के पूर्व चाचा ने अपने ही भतीजे को तीर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीन दिनों तक जंगल में भटकने के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया। लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल युवक को जिला अस्पताल व रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।
घायल युवक आमामोरा हथोड़ाडीह का निवासी है मैनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बारिश प्रारंभ होने के साथ ही पहाड़ों पर बसे आमामोरा के कमार जन जाति के लोग मछली का शिकार करने तीर धनुष लेकर सिकासेर जलाशय पहुंचते हैं। सिकासेर जलाशय में तीन दिन पूर्व चाचा भतीजे के साथ कई ग्रामीण मछली का शिकार करने पहुंचे थे, ज्ञात हो कि बारिश के दिनों में नदी उफान पर रहती है। ये ग्रामीण तीर और धनुष के सहारे बड़ी मछलियों को निशाना लगाकर शिकार करते हैं। मछली मारने के नाम पर चाचा भतीजा के बीच विवाद हो गया। चाचा झोलसिंग ने अपने ही भतीजे रातोसिंह पिता रतनसिंह कमार उम्र 20 वर्ष को तीर से हमला कर दिया। तीर रातोसिंह के पीठ पर 5 इंच घुंस गई।
जख्मी युवक लगातार तीन दिनों तक जंगल में भटकता रहा। जख्म वाले स्थान से बदबू आने लग गई थी, इस परिस्थितियों के बीच परिजन उक्त युवक को 15 किलोमीटर पैदल पगार नदी तक लाए। नदी के इस पार 108 के माध्यम से मैनपुर सरकारी अस्पताल लाया गया, मैनपुर पुलिस ने मामले की विवेचना जारी कर दी है। तीर मारने वाले चाचा की खोजबीन की जा रही है।