बलरामपुर जिले में शादी के बाद भी प्रेमी- प्रेमिका को परेशान कर रहा था। पुराने फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। जिससे तंग आकर प्रेमिका ने उसे फोन कर बुलाया वह अपने दोस्त के साथ आया। फिर पहले से मौजूद लोगों ने दोनों की हत्या कर दी। पूरी कहानी जान कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत का मामला चौंकाने वाला मोड़ ले चुका है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पूरी तरह से रची गई हत्या की साजिश थी। एक विवाहिता ने अपने प्रेमी की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पति और परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इस वारदात में प्रेमी के साथ उसका दोस्त भी मारा गया।
बलरामपुर जिले के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र में हुई दो युवकों की मौत ने पुलिस को शुरुआत में सड़क हादसे का मामला लगा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पूरी सच्चाई सामने आ गई। यह घटना दरअसल एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक दीपचंद उर्फ छोटू का एक महिला से शादी से पहले प्रेम संबंध था। महिला की शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही, जिससे उसके परिवार में लगातार तनाव बना रहता था। इसी दौरान दीपचंद के पास महिला की कुछ पुरानी तस्वीरें थीं। जिनके जरिए वह उसे बार-बार ब्लैकमेल कर रहा था।
इस दबाव से परेशान होकर महिला ने अपने पति और रिश्तेदारों के साथ मिलकर दीपचंद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत दीपचंद को गांव के बाहर मिलने के लिए बुलाया गया। वह अपने दोस्त मनोज के साथ वहां पहुंचा। जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने दोनों को पकड़ लिया। और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए दोनों शवों को मोटरसाइकिल पर रखकर सेवरहवा नाले के पास फेंक दिया। साथ ही बाइक को भी वहीं छोड़ दिया। ताकि यह लगे कि दोनों की मौत सड़क हादसे में हुई है।
घटना स्थल से पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। जिनमें मोबाइल के टूटे हुए हिस्से, महिला की माला और मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच से भी साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला, उसके पति और दो अन्य परिजनों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि 24 घंटे के अंदर इस मामले का खुलासा कर लिया गया। जिससे एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है।