बलरामपुर

Balrampur Crime News: बलरामपुर में किशोर के साथ ज्यादती, पुलिस ने 24 घंटे में 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Balrampur Crime News: बलरामपुर के सादुल्लानगर क्षेत्र में बेहद गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। यहां एक किशोर के साथ 3 युवकों ने कोल्डड्रिक्स पिलाने और पैसे देने का लालच देकर अप्राकृतिक संबंध बनाए, पूरी खबर पढ़िए...

2 min read
पकड़े गए आरोपों के साथ पुलिस टीम
बलरामपुर में किशोर के साथ ज्यादती करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स-पत्रिका)

Balrampur Crime News: उत्तर प्रदेश बलरामपुर जिले के सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बच्चे के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। आरोप है कि जन्मदिन समारोह के दौरान 3 आरोपी बच्चे को बहला-फुसलाकर गांव के बाहर जंगल की तरफ ले गए, वहां उसका अप्राकृतिक यौन शोषण किया। वारदात की शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है।

बलरामपुर जिले में हुई यह वारदात 2 जून की बताई जा रही है। पीड़ित के परिजनों के मुताबिक, गांव के युवकों ने किशोर को कोल्ड ड्रिंक और पैसों का लालच देकर अपने साथ चलने के लिए राजी किया। इसके बाद उसे गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले जाकर कुकर्म किया। पीड़ित किशोर ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकाया और मारपीट की।

घटना के बाद किशोर किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित के पिता की तहरीर पर 3 जून को सादुल्लानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रामपुर अरना-सादुल्लानगर मार्ग के पास से की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फरहान (19) और अफसर रजा (23) के रूप में हुई है।

पकड़े गए दोनों सादुल्लानगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि वारदात में एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने की भी जानकारी मिली है, जिसकी तलाश जारी है।

सभी आरोपियों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तथा उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
04 Jun 2026 06:13 pm
Also Read
View All