बलरामपुर

बड़े भाई ने छोटे भाई को नशा करने से रोका, तो उसके दोस्त ने पीट-पीट कर मार डाला… मां ने बताई पुलिस को पूरी सच्चाई

बलरामपुर में छोटे भाई को नशा करने से रोकना बड़े भाई को महंगा पड़ गया। भाई के दोस्त ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
पकड़े गए आरोपों के साथ पुलिस टीम
पकड़े गए आरोपों के साथ पुलिस टीम

बलरामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां छोटे भाई को नशे से दूर करने की कोशिश बड़े भाई की मौत का कारण बन गई। बड़े भाई ने जब अपने छोटे भाई को शराब और गांजा पीने से रोका। तो उसका दोस्त गुस्से में आ गया। उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।

बलरामपुर जिले के देहात क्षेत्र के पाठकपुरवा सेमरहना गांव में पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 41 वर्षीय मालिकराम निषाद ने अपने छोटे भाई को नशे की लत से बचाने की कोशिश की, लेकिन यह कोशिश उनकी जान पर भारी पड़ गई। बताया जा रहा है कि बुधवार रात मालिकराम का छोटा भाई रामसमुझ अपने दोस्त जुगनू के साथ कोड़री घाट पुल के पास बैठकर शराब और गांजा पी रहा था। इसी दौरान मालिकराम वहां पहुंचे। अपने भाई को इस हालत में देखकर नाराज हो गए। उन्होंने छोटे भाई को डांटते हुए नशा छोड़ने की सलाह दी। उसे घर चलने के लिए कहा। मौके पर मौजूद जुगनू को भी उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन यह बात उसे नागवार गुजरी। धीरे-धीरे बात बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। रामसमुझ ने भी अपने बड़े भाई को वहां से जाने को कहा, लेकिन मालिकराम उसे जबरदस्ती घर ले जाने की कोशिश करने लगे।

बड़े भाई की लखनऊ में इलाज के दौरान हुई मौत

इसी दौरान जुगनू ने गुस्से में आकर मालिकराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में मालिकराम के सिर पर गंभीर चोटें आईं। और वह मौके पर ही गिर पड़े। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल मालिकराम को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बहराइच रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया। इलाज के दौरान गुरुवार शाम उनकी मौत हो गई।

मृतक के मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

मृतक की मां कलपा देवी ने आरोप लगाया है कि आरोपी जुगनू और उसके पिता इसराइल से उनके परिवार की पुरानी दुश्मनी थी। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी जुगनू को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके पिता की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।

Published on:
18 Apr 2026 06:56 pm
Also Read
View All