
बलरामपुर. सपा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने विवादित बयान दिया है। बलरामपुर में आयोजित समाजवादी पार्टी की रैली में बोलते हुये उन्होंने बीजेपी के सासंदो और विधायकों को बेइमान और चोर कहा। उन्होने प्रदेश की सरकार को योगी-भोगी की सरकार बताते हुये कहा कि 2019 में केन्द्र की सरकार जाने के 15 दिन के भीतर योगी-भोगी की सरकार भी चली जायेगी। सपा इनको पटक कर इनके विधायको को तोड़कर सरकार बना लेगी। पूर्व मंत्री ने यहाँ तक कह डाला कि सपा सरकार बनते ही बीजेपी के सांसदो और विधायको पर बिना मुरौव्वत इतने मुकदमें लिखवा देंगे कि इन सबको नेपाल में शरण लेनी पड़ेगी। बोलते-बोलते पूर्वमंत्री ने ऐसे-ऐसे अपशब्दों का प्रयोग किया जिसे हम आपको सुना नहीं सकते।
लोकसभा चुनाव 2019 ज्यों ज्यों नजदीक आ रहा है नेताओं तथा मंत्रियों के बोल भी बिगड़ते जा रहे हैं। ताजा मामला जनपद बलरामपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली के दौरान समाजवादी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पंडित सिंह ने अपने संबोधन के दौरान तमाम असंवैधानिक भाषाओं का प्रयोग मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के विषय में कर डाला। पंडित सिंह का कहना था कि 2019 में मोदी सरकार गिरने के बाद योगी को पटक कर रातोंरात समाजवादी सरकार बनाई जाएगी और भाजपा के तमाम नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के ऊपर जबरन मुकदमा लिखवा कर उनसे बदला लिया जाएगा। हमारी सरकार होगी, हमारा ही राज्यपाल होगा और हमारा ही कानून होगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सांसदों तथा विधायकों को चोर व बेईमान बताते हुए कहा कि जिस तरह आज सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं उसी प्रकार 2019 के बाद योगी को पटक कर भाजपा विधायकों को तोड़कर जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं पर खुलकर मुकदमे लिखाए जाएंगे।
समाजवादी पार्टी द्वारा भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली जिला मुख्यालय के नवैयत ग्राउंड में आयोजित की गई थी। रैली तथा सभा के मुख्य अतिथि सभा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी मौजूद थे। सभा में एक ओर जहां नरेश उत्तम ने अपने संबोधन में सधे हुए शब्दों में सपा के पक्ष में सभी को वोट करने की अपील की और 2019 के चुनाव में भाजपा को पराजित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरे मनोयोग से अभी से जुट जाने की अपील की तो वहीं मंच पर मौजूद पूर्व मंत्री डॉक्टर एसपी यादव तथा पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने सीएम योगी तथा उनके विधायक व सांसदों को को खरी खोटी सुनाई।
यह लोग अपने संबोधन में संवैधानिक संवैधानिक मर्यादाओं को भी भूल गए। लोगों की माने तो रैली एक बहाना था पूर्व मंत्री के पुत्र को बचाना था। दरअसल पूर्व मंत्री डॉ एस पी यादव के पुत्र राकेश यादव के विरुद्ध कोतवाली देहात में उन्हीं के ड्राइवर के भाई द्वारा मारपीट का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है, जिसे रोकने के लिए मंत्री खुद अपने तमाम सहयोगियों के साथ डीएम तथा एसपी से मिलकर दबाव भी बना चुके हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक बदले की भावना से उनके पुत्र पर फर्जी मुकदमे लगाकर बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उसी मामले को लेकर आज सपा के पूर्व मंत्री पंडित सिंह ने सीएम योगी पर जमकर हमला बोला। सपा की जनसभा में कार्यकर्ताओं द्वारा जुलूस निकालकर सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई और तमाम वक्ताओं ने अपने संबोधन में प्रदेश तथा केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए 2019 में मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का आवाहन किया।