जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को दूध, दूध से बने उत्पादों, मिठाइयों और जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों के निर्माण, भंडारण और परिवहन में साफ-सफाई तथा निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा गया है। विभाग ने दुकानदारों से खाद्य पदार्थों की पैकिंग पर निर्माण तिथि, इस्तेमाल की अंतिम तारीख और भंडारण से जुड़ी जानकारी दर्ज करने की अपील की है। वहीं आम लोगों को भी मिठाई खरीदते समय उसकी ताजगी, गुणवत्ता और निर्माण तिथि की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह होने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को देने को कहा गया है।